दिल्लीवासियों को जल्द ही रिंग मेट्रो में सफर का मौका मिल सकेगा। त्रिलोकपुरी-मयूर विहार (पॉकेट-एक) के बीच करीब डेढ़ किलोमीटर के दायरे में निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। मार्च के आखिर तक निर्माण कार्य पूरा होने की उम्मीद जताई जा रही है। इसके बाद ट्रायल होगा, जिसकी सफलता के बाद पिंक लाइन पर भी मेट्रो को ड्राइवरलेस किया जाएगा।
पिंक लाइन पर मजलिस पार्क से शिव विहार के बीच मेट्रो के बीच 58.59 किलोमीटर के दायरे में 38 स्टेशनों पर लाखों यात्रियों के लिए सफर आसान हो जाएगा। त्रिलोकपुरी-मयूर विहार, पॉकेट-1 के बीच रिहायशी मकान होने की वजह से इस सेक्शन पर अभी तक मट्रो का परिचालन नहीं हो रहा है। डीएमआरसी के अधिकारियों के मुताबिक मार्च के अंत तक निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य है। इसके बाद ट्रायल होगा ताकि पिंक लाइन पर यात्रियों को बगैर किसी रुकावट मेट्रो में सफर का मौका मिल सके।
सबसे बड़ी मेट्रो लाइन पर लाखों यात्रियों को मिलेगी राहत
पिंक लाइन के डेढ़ किलोमीटर में मेट्रो परिचालन शुरू करने के लिए निर्माण की रफ्तार और तेज कर दी गई है। ट्रायल के बाद इस लाइन को ड्राइवरलेस किया जाएगा। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) की ओर से त्रिलोकपुरी सेक्शन पर पिलर लगाने के बाद ट्रैक भी बिछाए जा रहे हैं। निर्माण पूरा होने के बाद दिल्ली की सबसे बड़ी मेट्रो लाइन पर सफर करने वाले लाखों यात्रियों को राहत मिलेगी।
मेंजेंटा के बाद पिंक लाइन भी होगी ड्राइवरलेस
पिंक लाइन पर निर्माण पूरा होने के बाद इसे ड्राइवरलेस किया जाएगा। रिंग रोड पर इस लाइन के अधिकतर स्टेशन हैं। खास बात यह है कि यह पूरी दिल्ली को रिंग रोड पर मेट्रो के जरिये जोड़ेगी। इससे पहले मेजेंटा लाइन को ड्राइवरलेस किया गया। इसकी सफलता को देखने के बाद पिंक लाइन को भी ड्राइवरलेस करने की सभी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। त्रिलोकपुरी सेक्शन पर निर्माण पूरा होने के बाद इस लाइन को ड्राइवरलेस करने में भी अधिक देर नहीं होगी। डीएमआरसी के कार्यकारी निदेशक(कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन)अनुज दयाल के मुताबिकक 2021 में ही पिंक लाइन को भी ड्राइवरलेस कर दिया जाएगा। मार्च तक त्रिलोकपुरी सेक्शन पर निर्माण पूरा करने का लक्ष्य है।
पिंक लाइन पर सभी लाइनों से इंटरचेंज की सुविधा
येलो लाइन पर आजादपुर और आईएनए, रेड लाइन पर नेताजी सुभाष प्लेस, वेलकम जबकि पंजाबी बाग(वेस्ट) पर ग्रीन लाइन के यात्रियों को इंटरचेंज सुविधा है। ब्लू लाइन पर राजौरी गार्डन, मयूर विहार फेज-1, आनंद विहार जबकि धौला कुआं पर साउथ कैंपस से एक्सप्रेस लाइन के यात्री भी लाइन इंटरचेंज कर सकते हैं। लाजपत नगर, हजरत निजामुद्दीन, आनंद विहार सहित अन्य स्टेशनों पर वॉयलेट लाइन पर भी इंटरचेंज की सुविधा से यात्रियों के लिए गंतव्य तक पहुंचने में समय की बचत होगी। एक से दूसरी लाइन पर यात्रा के लिए समय की बचत के साथ ही दुर्घटना की आशंका भी कम हो जाएगी।
...तो पिंक लाइन हो जाएगी सबसे लंबी लाइन
फिलहाल मजलिस पार्क से दुर्गाबाई देशमुख(साऊथ कैंपस), साऊथ कैंपस से लाजपत नगर, लाजपत नगर-मयूर विहार(पॉकेट-1) के बाद डेढ़ किलोमीटर के दायरे में में मेट्रो की सुविधा नहीं है। हालांकि त्रिलोकपुरी-शिव विहार के बीच पिंक लाइन पर यात्री अभी भी सफर कर रहे हैं। डेढ़ किलोमीटर के दायरे में मेट्रो निर्माण पूरा होने से यात्रियों को बगैर रुके पिंक लाइन पर सफर का मौका मिल सकेगा। यह लाइन दिल्ली मेट्रो की सबसे लंबी लाइन भी होगी।