शराब की लत को पूरा करने के लिए देता था वारदात को अंजाम
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। शराब की लत को पूरा करने के लिए युवक दिन में रिक्शा चलाता था और रात में सेंधमारी की वारदात को अंजाम देता था। पालम थाना पुलिस ने सूचना पर बदमाश को महावीर एन्क्लेव इलाके से गिरफ्तार किया है।
आरोपी की पहचान महावीर एन्क्लेव निवासी रजत के रूप में हुई है। पुलिस ने बदमाश के कब्जे से सिलिंडर, दो मोबाइल फोन, आधार कार्ड, दो जन्म प्रमाणपत्र, एक बैंक पासबुक, बैग और कपड़े बरामद किए हैं। दक्षिण पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त अमित गोयल ने बताया कि 27 अप्रैल को पालम थाना पुलिस को एक घर में चोरी की शिकायत मिली। मामला दर्ज करने के बाद थाना प्रभारी का काम देख रहे आईपीएस अधिकारी अनंत धनराज सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच के साथ मुखबिरों को सक्रिय किया। फुटेज के जरिए पुलिस ने आरोपी की पहचान कर चोरी के सामान के साथ गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पता चला कि वह शराब पीने का आदी है और दिन में किराये पर रिक्शा चलाता है। अपनी लत को पूरा करने के लिए बंद घरों को निशाना बनाता था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी पर पहले से पालम थाने में मादक द्रव्य अधिनियम के तहत मामला दर्ज है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर अन्य वारदातों के बारे में जानकारी हासिल कर रही है।