नई दिल्ली। कंझावला इलाके में भाई की हत्या के मामले में गवाही से पलट जाने का बदला युवक ने ढाबा मालिक के यहां लूटपाट करके लिया। पुलिस ने कंझावला निवासी सज्जन (41), विजेंद्र (30) और प्रवीण (30) को गिरफ्तार कर मामले को सुलझाने का दावा किया। आरोपियों से पांच हजार रुपये और वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो कार बरामद की गई है।
रोहिणी जिला पुलिस उपायुक्त पीके मिश्रा ने बताया कि 13 जनवरी की रात फुदेनी शाह ने ढाबे में लूटपाट की शिकायत की थी। उसने बताया कि स्कॉर्पियो कार से आए तीन बदमाश उसे डरा-धमका कर गल्ले से दस हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। जांच में पुलिस को पता चला कि आरोपी उसके परिचित थे। शिकायतकर्ता ने बताया कि सज्जन अक्सर उसे धमकाता था। सज्जन को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने अपराध कबूल कर लिया। उसने बताया कि वर्ष 2017 में उसके भाई की हत्या कर दी गई थी। इसमें फुदेनी शाह चश्मदीद गवाह था। अदालत में सुनवाई के दौरान वह गवाही से पलट गया। वह फुदेनी से इसका बदला लेना चाहता था। इसलिए दोस्तों के साथ लूटपाट की। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर उसके दो दोस्तों को भी गिरफ्तार कर लिया।