परीक्षा छूटने के बाद पेपर देखते छात्र-छात्राएं।
- फोटो : अमर उजाला
चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) की पढ़ाई करने के इच्छुक छात्रों के लिए राहत की खबर है। बारहवीं के जिन छात्रों ने पूरे पेपर नहीं दिए हैं वह भी सीए के फाउंडेशन कोर्स में अपना पंजीकरण करा सकेंगे। द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) ने छात्रों को फाउंडेशन कोर्स में प्रोविजनल पंजीकरण कराने की अनुमति दे दी है।
मालूम हो कि बारहवीं के बाद ही फाउंडेशन कोर्स में दाखिला होता है। आईसीएआई के अनुसार कोविड-19 महामारी के प्रकोप के कारण सीबीएसई बोर्ड, आईसीएससीई बोर्ड तथा अन्य राज्य बोर्ड ने 19 मार्च के बाद होने वाली बारहवीं की परीक्षाओं को स्थगित कर दिया है।
ऐसे में बारहवीं के छात्र अपनी परीक्षा पूरी नहीं होने के कारण स्वयं को सीए के फाउंडेशन कोर्स (सीए का पहला स्तर) में पंजीकृत नहीं कर पा रहे हैं। लिहाजा आईसीएआई ने छात्रों को राहत देते हुए फाउंडेशन कोर्स पंजीकरण पात्रता मानदंडों में ढील देने का निर्णय लिया है।
ऐसे उम्मीदवार जिन्हें प्रवेश पत्र आवंटित किया गया है या वह बारहवीं की फरवरी-मार्च महीने में एक या एक से अधिक पेपर दे चुके हैं, आईसीएआई की वेबसाइट पर वह अपना प्रोविजनल पंजीकरण 30 जून से पहले करा सकते हैं। पंजीकरण के बाद बारहवीं की परीक्षा उत्तीर्ण करने पर नवंबर 2020 की फाउंडेशन परीक्षा में बैठ सकते हैं।