दिल्ली में बीते तीन-चार दिन से बारिश चल रही है। मौसम विभाग ने कहा है कि आज सवेरे भी दिल्ली में कई स्थानों पर बारिश होगी। समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार दक्षिण, दक्षि-पश्चिम और उत्तर-पश्चिमी दिल्ली में अलगे दो घंटे में बारिश होगी। इसी के साथ गुरुग्राम, रेवारी और भिवाड़ी, पलवल के अलावा मुजफ्फरनगर में भी बारिश होने वाली है।
आपको बता दें कि दिल्ली में कल भी बारिश जारी रही, लेकिन न्यूनतम तापमान में उछाल दर्ज किया गया। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, राष्ट्रीय राजधानी में न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से करीब छह अंक ज्यादा है। मौसम विभाग ने इसके लिए बादलों के छाए रहने से गर्म गैसीय हवाओं की मौजूदगी राजधानी के वातावरण में ही बने रहने को कारण माना है। अधिकतम तापमान 20.8 डिग्री रहा। सफदरजंग वेधशाला ने राजधानी में शाम 5.30 बजे तक 1.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की थी।
दिल्ली- एनसीआर की हवा साफ
लगातार हो रही बारिश की वजह से दिल्ली- एनसीआर की हवा साफ हो गई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 140 दर्ज किया गया। वहीं, गुरुग्राम की हवा महज 83 अंकों के साथ सबसे साफ दर्ज की गई।
पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय की वायु मानक संस्था सफर के अनुसार, मौसमी परिस्थितियों की वजह से हवा की स्थिति बेहतर बनी हुई है। आगामी 24 घंटे में वायु गुणवत्ता सूचकांक औसत से बहुत खराब श्रेणी में पहुंच सकता है। आगामी सात और आठ जनवरी को हवा की स्थिति बिगड़ने की संभावना बनी हुई है। पिछले 24 घंटे में पीएम10 का स्तर 97 और पीएम 2.5 का स्तर 66 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया। पीएम10 का स्तर 100 से कम और पीएम 2.5 का स्तर 60 से कम होने पर सुरक्षित माना जाता है।