नई दिल्ली। अयोध्या में श्री राम मंदिर के भूमि पूजन के उपलक्ष्य में करोल बाग जिले में मंदिर के पुजारियों के लिए भाजपा ने सम्मान समारोह का आयोजन किया। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने पुजारियों को राशन किट, मास्क, सैनिटाइजर, काढ़े के पैकेट वितरित किये और दक्षिणा दी।
उन्होंने कहा कि मंदिर एवं धर्मस्थलों के बंद होने के कारण वहां के पुजारियों के जीवन यापन में भी कठिनाइयां आईं लेकिन भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बिना किसी सरकारी मदद के उन्हें समय-समय पर आर्थिक सहायता दी।
गुप्ता ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को आड़े हाथ लेते हुए तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप मढ़ा। उन्होंने कहा कि वोट बैंक को मजबूत करने के लिए सिर्फ मस्जिद के इमामों को ही वेतन देते हैं। सरकार से अपील है कि सभी धर्मों से समान व्यवहार करें और जिस तरह मस्जिदों के इमामों को वेतन दिया जाता है। उसी तरह पुजारियों, ग्रंथियों एवं अन्य धर्मस्थल के पुजारियों को भी वेतन देने का प्रावधान करें।