गांधी नगर वर्ल्ड क्लास स्टेशन देश को समर्पित करने के बाद अब दिल्ली के रेलवे स्टेशनों को भी आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की कवायद तेज हो गई है। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के साथ ही बिजवासन, सफदरजंग, आनंद विहार, दिल्ली कैंट को भी एयरपोर्ट की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। इसे लेकर रेलवे बोर्ड में लगातार बैठक का दौर जारी है। शनिवार को रेलवे बोर्ड के साथ रेल लैंड डेवलपमेंट अथॉरिटी के अधिकारियों की बैठक हुई।
दिल्ली का सबसे पहला खूबसूरत स्टेशन सफदरजंग होगा
चाणक्यपुरी स्थित सफदरजंग रेलवे स्टेशन जल्द ही वर्ल्ड क्लास सुविधाओं से लैस होगा। अति व्यस्त इलाके में स्थित इस रेलवे स्टेशन के लिए निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। इसे लेकर शनिवार को एक बैठक भी हुई। रेल लैंड डेवलपमेंट अथॉरिटी के अधिकारियों के अनुसार, अगले दो साल में इस प्रोजेक्ट को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
बिजवासन का ब्लू प्रिंट तैयार
पश्चिमी दिल्ली के बिजवासन रेलवे स्टेशन को यात्री सुविधा से लैस करने के लिए ब्लू प्रिंट तैयार कर लिया गया है। री-डेवलपमेंट योजना के तहत इस स्टेशन का कायाकल्प करीब 350 करोड़ रुपयों से होगा। दो चरणों में यह स्टेशन बनेगा। एयरपोर्ट व दिल्ली मेट्रो से इस स्टेशन की कनेक्टिविटी होगी। एयरपोर्ट की तर्ज पर कॉमर्शियल स्पेस भी विकसित किया जाएगा, ताकि सफर के साथ यात्री शॉपिंग का मजा उठा सके। इस स्टेशन का डिजाइन स्पेन की कंपनी ने तैयार किया है।
मल्टी मॉडल हब के रूप में होगा विकसित
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन को मल्टी मॉडल हब के तौर पर विकसित किया जाएगा। स्टेशन तक पहुंचने में दिल्ली का जाम परेशान नहीं करे, इसे लेकर एलिवेटेड सड़कों का जाल बिछाया जाएगा। तीन साल में प्रोजेक्ट को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। रेलवे भूमि विकास प्राधिकरण करीब 6500 करोड़ रुपये की लागत के इस प्रोजेक्ट को डिजाइन बिल्ड फाइनेंस ऑपरेट ट्रांसफर मॉडल पर विकसित कराएगा। योजना में आसपास के इलाके की सूरत भी बदलनी है। स्टेशन पुनर्निर्माण परियोजना में सबसे ज्यादा जोर कनेक्टिविटी पर होगा।
इसी वित्तीय वर्ष में बन जाएगा अयोध्या स्टेशन
अगले साल अप्रैल तक अयोध्या स्टेशन पर भी यात्रियों को वर्ल्ड क्लास सुविधा मिलने लगेगी। गांधी नगर रेलवे स्टेशन के बाद मध्य प्रदेश के हबीब गंज, बंगलूरू में सर एम विश्वसरैला रेलवे स्टेशन वर्ल्ड क्लास स्टेशन के रूप में दिखेगा। अयोध्या रेलवे स्टेशन इसी वित्तीय वर्ष में बन जाएगा। इसके अलावा दिल्ली के बिजवासन, गोमतीनगर, दिल्ली सफदरजंग और नागपुर स्थित अजनी स्टेशन पर भी यात्रियों को वर्ल्ड क्लास सुविधा जल्द मिलेगी। आनंद विहार रेलवे स्टेशन के दूसरे फेज को भी जल्द शुरू किया जाएगा।
- सुनीत शर्मा, रेलवे बोर्ड सीईओ