नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और अन्य अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग वाली शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को अदालत में एक्शन टेकन रिपोर्ट दाखिल की। पुलिस ने आरोपों की जांच पूरी करने के लिए अदालत से और समय मांगा है। पुलिस का कहना है कि शिकायत में मतदाता सूची से नाम हटाने, चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ी और साजिश जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इनकी जांच के लिए संबंधित रिकॉर्ड और दस्तावेजों की पड़ताल जरूरी है। यह शिकायत एक अधिवक्ता ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 175(3) के तहत दायर याचिका में की थी। इसमें अदालत से मुख्य चुनाव आयुक्त और अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने का आदेश देने की मांग की गई है। पुलिस की रिपोर्ट पर अदालत ने अभी कोई अंतिम आदेश नहीं दिया है। संवाद