नई दिल्ली। 26/11 मुंबई आतंकी हमलों के कथित मास्टरमाइंड तहव्वुर हुसैन राणा को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) द्वारा दायर आरोप पत्र में संदर्भित न किए गए दस्तावेजों की सूची उपलब्ध कराने के लिए दिल्ली की एक विशेष एनआईए अदालत ने एजेंसी को दो सप्ताह का समय दिया है। राउज एवेन्यू स्थित अदालत के विशेष न्यायाधीश प्रशांत शर्मा ने राणा की ओर से दायर एक आवेदन को मंजूरी देते हुए यह निर्देश जारी किया। सोमवार को अदालत ने बचाव पक्ष को कुछ दस्तावेज भी उपलब्ध कराए। मामला फिलहाल आरोप तय करने पर बहस के चरण में है। अदालत ने मामले में एमिकस क्यूरी (न्याय मित्र) के रूप में नियुक्त अधिवक्ता निशांत सिंह को आरोप तय करने पर बहस प्रस्तुत करने के लिए तीन सप्ताह का समय दिया है। अब अगली सुनवाई 18 दिसंबर को होगी। इससे पहले मामले में आरोप तय करने पर बहस के लिए 8 अक्तूबर की तारीख तय की गई थी। अदालत ने यह भी निर्देश दिया था कि राणा की गिरफ्तारी के बाद दायर पूरक आरोप पत्र और एनआईए द्वारा पहले दायर मुख्य आरोप पत्र के साथ प्रस्तुत दस्तावेजों की जांच के बाद ही आगे की कार्यवाही की जाएगी। ब्यूरो