-बाहरी उत्तरी जिला पुलिस ने की गिरफ्तारी, सात बाइक और दो स्कूटी बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। समयपुर बादली थाना पुलिस चोरी की बाइक में लगे जीपीएस ट्रैकर की मदद से मैकेनिक की दुकान के पास पहुंची। चोरी की बाइक के कलपुर्जे खोल रहे मैकेनिक को पुलिस ने दबोच लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनके कब्जे से सात बाइक और दो स्कूटी बरामद की है।
बाहरी उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी ने बताया, 13 जुलाई को समयपुर बादली थाना पुलिस को बाइक चोरी की शिकायत मिली। बाइक में जीपीएस ट्रैकर लगा था। चोरी का मामला दर्ज करने के बाद जीपीएस लोकेशन के आधार पर सेक्टर-28 रोहिणी के एक छोटी सी बाइक रिपेयर की दुकान पर पुलिस पहुंची। दुकान चलाने वाला नजीम चोरी की बाइक के कलपुर्जे खोल रहा था। पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने बताया कि प्रह्लादपुर निवासी दिलीप ने उसे बाइक दी थी। उसकी निशानदेही पर दिलीप को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जिसने पुलिस टीम को अपने सहयोगी पीतमपुरा निवासी बिशु तक पहुंचाया। उसने बताया, जसवंत और सतीश से चोरी की बाइक लेते थे। पुलिस ने पप्पू कालोनी निवासी सतीश को भी पकड़ लिया। पुलिस जसवंत की तलाश में दबिश दे रही है।