फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बवाना में पुलिस और मोंटी गैंग के बीच मुठभेड़, दो बदमाश घायल

विज्ञापन
विज्ञापन
नई दिल्ली। बवाना में बृहस्पतिवार रात गौरव मोंटी गैंग के बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में पुलिस वालों को भी गोली लगी, लेकिन बुलेट प्रूफ जैकेट पहने होने के कारण उनकी जान बच गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो बदमाशों को गोली लगी। पुलिस ने मौके से चार बदमाशों को दबोच लिया है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने छुट्टी दे दी। बदमाशों की पहचान रिंकू उर्फ सुल्तान उर्फ भेंगा, विशाल उर्फ कुणाल, दीपक उर्फ जॉनी और ललित उर्फ भोले उर्फ राका के रूप में हुई है। आरोपियों के कब्जे से चार पिस्टल, 15 कारतूस और दो दिन पहले इलाके से असलहे के बल पर लूटी कार जब्त की है। आरोपी रिंकू बवाना का घोषित बदमाश है। वह मकोका के केस में वांछित भी है। उस पर हत्या, धमकी देना जैसे कई केस दर्ज हैं। गैंग की दिल्ली और हरियाणा में कई बड़े गैंगस्टरों से दुश्मनी है।
विज्ञापन

पुलिस ने बताया कि बृहस्पतिवार रात करीब सवा 12 बजे बवाना पुलिस को गौरव मोंटी गैंग के बदमाशों के कार से आने की जानकारी मिली थी, जो किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। आरोपियों के पास पिस्टल व अन्य हथियार होने की सूचना थी। बवाना एसएचओ दर्शन लाल की देखरेख में टीम को आरोपियों को पकड़ने का जिम्मा सौंपा गया। दरियापुर नांगल मोड़ के पास पुलिस ने बेरिकैड लगाकर घेराबंदी कर दी। जब बदमाशों को बिना नंबर प्लेट की कार में अपनी तरफ आते हुए देखा, तो उनको रुकने और समर्पण करने की बात कही, लेकिन बदमाशों ने पुलिस टीम पर गोलियां चला दी। गोलियां कांस्टेबल चेतन और सुरेश की बुलेट प्रूफ जैकेट पर लगीं, जिससे उनकी जान बच गई। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। बदमाशों पर गोलियां चला दीं। दो गोलियां रिंकू उर्फ सुल्तान उर्फ भेंगा और विशाल उर्फ कुणाल के पैरों में लगीं। दोनों वहीं गिर गए, जबकि उनके दोनों साथियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने मौके पर ही दबोच लिया। दोनों घायल बदमाशों को महर्षि वाल्मीकि अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने दोनों को बाबा साहेब अंबेडकर अस्पताल में शिफ्ट कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि झरौंडा कलां का ललित उर्फ भोले गैंगस्टर नीरज बवानिया के भाई की हत्या में शामिल रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें