राजधानी में पिछले एक सप्ताह से संक्रमितों से दोगुना संख्या ठीक होने वाले मरीजों की रही है। दिल्ली ऐसा पहला राज्य है, जहां नए पॉजिटिव मामलों से ज्यादा संख्या ठीक होने वाले मरीजों की हो। ठीक होने वाले लोगों की संख्या बढ़ने से राजधानी का रिकवरी रेट भी अब लगभग 90 फीसदी हो गया है, जो अन्य कोरोना प्रभावित राज्यों में सबसे ज्यादा है।
दिल्ली स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, एक सप्ताह मेें 5710 मरीज मिले और 10254 लोग ठीक हुए। इस हिसाब से देखें तो ठीक होने वाले मरीजों की संख्या संक्रमितों से करीब दोगुना रही। वहीं, अब तक कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 131219 है। इसमें से 116372 लोग संक्रमण से उबर गए हैं।
इस दौरान पॉजिटिव मरीजों की संख्या रोज औसतन 815 रही और ठीक होने वालों की 1465 थी। इस एक सप्ताह में 21 जुलाई के अलावा हर दिन संक्रमितों से ज्यादा संख्या ठीक होने वाले मरीजों की रही है।
दूसरी तरफ अन्य कोरोना प्रभावित राज्यों की बात करें तो दिल्ली के बाद सबसे ज्यादा रिकवरी रेट तमिलनाडु का 75 फीसदी है। रिकवरी रेट के मामले में राजधानी के आसपास भी कोई प्रभावित राज्य नहीं है।
सबसे कम रिकवरी रेट कर्नाटक का है। 15 दिन पहले तक कर्नाटक में कम मरीज थे, लेकिन वहां अचानक से नए मरीजों की संख्या बढ़ी है। इससे संक्रमितों का आंकड़ा अब एक लाख के पार पहुंच चुका है।
एम्स के पूर्व डॉक्टर और अपोलो में सीनियर कंसलटेंट डॉ. प्रवीण कुमार बताते हैं कि सही समय पर रोगियों की पहचान कर उन्हें आइसोलेट किया जा रहा है। समय पर इलाज मिलने से मरीज जल्दी स्वस्थ हो रहे हैं। इससे रोज ठीक होने वाले मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
बीते एक सप्ताह में आए नए मरीज और ठीक होने वाले की संख्या
तारीख संक्रमित मरीज ठीक हुए
21 जुलाई 1349 1200
22 जुलाई 1227 1532
23 जुलाई 1041 1515
24 जुलाई 1025 1866
25 जुलाई 1142 2137
26 जुलाई 1075 1807
27 जुलाई 613 1497
नोट - सभी आंकड़े स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट से लिए गए हैं और 27 जुलाई तक के हैं।