नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय मेें सोमवार से नियमित, स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग व एनसीवेब के पहले व तीसरे सेमेस्टर के विद्यार्थियों के लिए ओपन बुक एग्जाम (ओबीई) शुरू होने जा रहा है। परीक्षा के लिए लगभग दो लाख 91 हजार से अधिक विद्यार्थी पंजीकृत हैं। इनमें से दो लाख 85 हजार से अधिक विद्यार्थी घर बैठे परीक्षा देंगे। दरअसल लगभग 90 फीसदी विद्यार्थियों ने ऑफलाइन की जगह ऑनलाइन परीक्षा को प्राथमिकता दी है।
कोविड-19 के कारण एक बार फिर से अधिकतर विद्यार्थियों ने घर से ही परीक्षा देने का विकल्प चुना है। दिसंबर में संपन्न हुई सेमेस्टर परीक्षा में भी डेढ़ लाख विद्यार्थियों ने घर से परीक्षा दी थी, जबकि कॉलेज आकर साढ़े पांच हजार से अधिक विद्यार्थियों ने ऑनलाइन परीक्षा दी थी। सोमवार से स्नातक व स्नातकोत्तर स्तर के विद्यार्थियों की पहले व तीसरे सेमेस्टर की परीक्षा (ऑफलाइन व ऑनलाइन मोड) मेें होगी।
परीक्षा शाखा के डीन सीएस रावत ने बताया कि दिसंबर में संपन्न हुई परीक्षा में भी कुछ विद्यार्थियों ने कॉलेज आकर परीक्षा देने का विकल्प चुना था, लेकिन उन्होंने परीक्षा घर बैठकर ऑनलाइन ही दी। दिसंबर की तरह ही इस बार भी घर से परीक्षा देने वाले विद्यार्थी सर्वाधिक हैं।
----
नोडल अधिकारी तैनात
ओबीई के दौरान विद्यार्थियों को किसी भी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए नोडल अधिकारी तैनात किए गए हैं। इसके साथ ही विस्तृत दिशा-निर्देशो को डीयू की वेबसाइट पर अपलोड किया गया है। जो विद्यार्थी कॉलेज आकर परीक्षा देंगे उनकी थर्मल स्कैनिंग होगी और उन्हें शारीरिक दूरी का पालन भी करना होगा। परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड वेबसाइट से डाउनलोड या प्रिंट करना होगा। छात्रों को ए-4 साइज की शीट पर ही उत्तर लिखने हैं। प्रत्येक पेज के ऊपर पेज नंबर अंकित करना है।
पहले पेज पर छात्र को परीक्षा का समय, दिन, रोल नंबर, प्रोग्राम का नाम (कोर्स) यूनिक पेपर कोड, पेपर टाइटिल, कॉलेज का नाम, ई मेल आईडी, मोबाइल नंबर आदि लिखना होगा। पहले की तरह परीक्षा के लिए चार घंटे मिलेंगे। इनमें से तीन घंटे प्रश्नों के उत्तर देने के लिए है, जबकि एक घंटा प्रश्नपत्र को डाउनलोड करने, उत्तर पुस्तिका की स्कैनिंग और अपलोड करने के लिए होगा।