खुद को कभी आईएएस अधिकारी तो कभी यूएई में भारत का राजदूत बताकर केरल मूल के लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर बदमाश को शाहदरा जिला साइबर सेल ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान शाइन ज्योथि सत्य उर्फ सिद्दिक अब्दुल रहमान (42) के रूप में हुई है।
आरोपी यूएई समेत अन्य देशों में केरल के लोगों को नर्स की नौकरी दिलवाने के नाम पर ठगी कर रहा था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शाइन ज्योथि पिछले कुछ सालों के दौरान लोगों से 10 करोड़ से अधिक की रकम ठग चुका है।
पकड़े गए आरोपी के पास से एक मोबाइल, चार बैंकों में खाते की डिटेल, अबू धाबी में भारत के राजदूत का आईकार्ड, आरबीआई लोन के फर्जी कागजात, फर्जी एमिरेट्स एयरलाइंस मैनेजर का आईकार्ड, दुबई के कारोबारी से जुड़े फर्जी दस्तावेज व कई फर्जी आधार कार्ड और अन्य सामान बरामद किया है।
आरोपी लग्जरी गाड़ी शेवरले क्रूज से चलता था। उस पर दूतावात का स्टीकर भी लगा हुआ था। शाहदरा जिले की साइबर पुलिस पकड़े गए आरोपी से पूछताछ कर इस बात का पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी ने अब तक कितने लोगों को चूना लगाया।
शाहदरा जिले के पुलिस उपायुक्त आर. सत्य सुंदरम ने बताया कि दिलशाद कालोनी निवासी प्रकाशन चेरुकुनाथ ने सीमापुरी थाने में ठगी की शिकायत दी थी। पीड़ित ने बताया कि वर्ष 2014 में ट्रेन में उसकी मुलाकात आरोपी से हुई थी। आरोपी ने अपना नाम सिधिक एम.ए बताया बताकर खुद को आईएएस अधिकारी बताया।
आरोपी ने कहा कि फिलहाल उसकी तैनाती यूएई एंबेसी में है। आरोपी ने बातचीत के दौरान पीड़ित और उनके दोस्त से कहा कि वह खाड़ी देशों में बेहद कम रुपयों में अच्छी नौकरी दिलवा देगा। दोनों उसके झांसे में आ गए। आरोपी ने दोनों व उनके साथियों से करीब 20 लाख रुपये ठग लिए।
पीड़ितों को नौकरी नहीं मिली और आरोपी का मोबाइल नंबर भी बंद हो गया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि पीड़ितों ने आरोपी के चाणक्यपुरी स्थित आरबीएल बैंक में रुपये जमा करवाए थे। उस खाते ही जांच करते हुए पुलिस को आरोपी के दूसरे मोबाइल नंबर का पता चला। छानबीन के बाद पुलिस ने आरोपी को दिल्ली के उत्तम नगर स्थित बिंदापुर से दबोच लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने ठगी की बात कबूल कर ली। आरोपी ने बताया कि वह खुद को आईएएस अधिकारी व यूएई का राजदूत बताकर लोगों का विश्वास जीतता था। इसके अलावा कई बार वह खुद को एमिरेट्स एयरलाइंस का मैनेजर व कभी अबू धाबी का बड़ा कारोबारी बताकर ठगी करता था।
आरोपी दावा करता था। उसने खुद को बड़ा कारोबारी और 44 करोड़ की लेनदेन दिखाकर भारत के बैंक से लोन भी ले लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है। जांच के दौरान पुलिस को इसके खिलाफ नॉर्थ एवेंयू थाने में इंश्योरेंस के नाम पर ठगी का एक मामला दर्ज मिला है। आरोपी केरल की नामी यूनिवर्सिटी से एमबीए किए हुए है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।