नई दिल्ली। दिल्ली टीचर्स एसोसिएशन (डीटीए) के एक प्रतिनिधि मंडल ने सोमवार को दिल्ली सरकार से संबद्ध पूर्ण वित्त पोषित 12 कॉलेजों की ग्रांट रिलीज कराने के लिये कैबिनेट मंत्री गोपाल राय से उनके आवास पर मुलाकात की। इस प्रतिनिधि मंडल में डीटीए प्रभारी हंसराज सुमन, डॉ. आशा रानी, डॉ. मनोज कुमार सिंह, डॉ. नरेंद्र कुमार पांडेय, सुनील कुमार, डॉ. राजेश राव शामिल थे।
डीटीए प्रतिनिधि मंडल ने गोपाल राय को बताया है कि वेतन नहीं मिलने से अतिथि, एडहॉक और कॉन्ट्रैक्चुअल कर्मचारियों को हर महीने मकान का किराया, मकान व गाड़ी की किस्त भरने में समस्या का सामना करना पड़ रहा है। हंसराज सुमन ने गोपाल राय से कहा कि 12 कॉलेजों की ग्रांट रिलीज न होने से चिकित्सा बिल, सेवानिवृत्ति लाभ, बकाया एरियर और अन्य विकास व्यय भी लंबित पड़े हैं।
उन्होंने कहा कि दिल्ली विश्वविद्यालय में कुछ महीनों बाद ही शैक्षिक सत्र 2021-22 शुरू हो जाएगा। जिसमें छात्रों के प्रवेश, ओबीसी कोटे के अंतर्गत सेकेंड ट्रांच की शिक्षकों की नियुक्तियां, गैर शैक्षिक कर्मचारियों की नियुक्ति के अलावा परीक्षा और उसके मूल्यांकन में ग्रांट की आवश्यकता पड़ेगी। शिक्षकों को समय पर वेतन और उनके एरियर नहीं मिले तो कॉलेजों के सामने बड़ा आर्थिक संकट उत्पन्न हो जाएगा।
गोपाल राय ने डीटीए के प्रतिनिधि मंडल को आश्वासन दिया है कि दिल्ली सरकार से संबद्ध पूर्ण वित्त पोषित 12 कॉलेजों की रुकी हुई सैलरी व एरियर के भुगतान पर सरकार के अधिकारियों से बात हुई है। उन्होंने जल्द से जल्द ग्रांट रिलीज करने का आश्वासन दिया है।