नई दिल्ली। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी देश भर के विश्वविद्यालयों में स्वयं कोर्स ( स्टडी वेब ऑफ एक्टिव-लर्निंग फॉर यंग एस्पाइरिंग माइंडस ) के तहत स्नातक और स्नातकोत्तर प्रोग्राम की परीक्षा 15 सितंबर से ऑनलाइन लेगा। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने इस संबंध में सभी विश्वविद्यालयों को परीक्षा का शेड्यूल जारी करने का निर्देश दिया है। कोविड-19 के कारण जनवरी सेमेस्टर की स्थगित हो गई थी।
यूजीसी ने कुलपतियों को पत्र लिखा है कि वे परीक्षा शेड्यूल की जानकारी छात्रों को ईमेल, मैसेज आदि के माध्यम से पहुंचाएं। स्नातक और स्नातकोत्तर प्रोग्राम में इन ऑनलाइन कोर्स की परीक्षा 15 और 16 सितंबर को आयोजित होगी। इसमें स्नातक के 82 कोर्स और स्नातकोत्तर 42 कोर्स शामिल हैं। परीक्षा के एक महीने बाद रिजल्ट जारी कर दिया जाएगा और उसके 15 दिन के बाद सर्टिफिकेट जारी होंगे।
कोरोना के कारण स्वयं के जुलाई सेमेस्टर का कार्यकाल 45 दिन बढ़ा दिया है। सेमेस्टर 14 सितंबर से शुरू होगा। इसके लिए 14 अक्तूबर तक रजिस्ट्रेशन किया जा सकेगा। कोर्स 14 दिसंबर तक समाप्त होगा। वहीं, 15 से 30 नवंबर के बीच परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन किया जा सकेगा। जुलाई सेमेस्टर की परीक्षा दिसंबर आखिर या फिर जनवरी 2021 में आयोजित होगी।