अमर उजाला ब्यूरो नई दिल्ली, 22 अप्रैल हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेंवि), महेंद्रगढ़ में शैक्षणिक सत्र 2020-21 में दाखिले के लिए अब स्टूडेंट्स 23 मई तक ऑनलाइन आवेदन पत्र भर सकते है। पहले स्टूडेन्ट 25 अप्रैल तक आवेदन कर सकते थे। हालांकि लॉक डाउन बढ़ाने के चलते ऑनलाइन आवेदन पत्र भरने की डेट बढ़ाई गई है। कुलपति प्रो. आरसी. कुहाड़ ने बताया कि विश्वविद्यालय में स्नातक, स्नातकोत्तर, एमफिल., पीएचडी प्रोग्राम में दाखिले केंद्रीय विश्वविद्यालय संयुक्त प्रवेश परीक्षा (सीयूसीईटी) 2020 की मैरिट लिस्ट से सीट मिलती है। सीयूसीईटी-2020 के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया बीती 16 मार्च से जारी है। हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय शैक्षणिक मोर्चे व संसाधनों के विकास के स्तर पर उत्कृष्टता की ओर अग्रसर है। वही, हरियाणा सेंट्रल यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर और सीयूसीईटी-2020 के नोडल ऑफिसर डॉ. फूल सिंह ने बताया कि सीयूसीईटी-2020 के माध्यम से 14 केंद्रीय विश्वविद्यालयों व 4 स्टेट यूनिवर्सिटी के लिए दाखिला प्रक्रिया चल रही है। हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय स्नातक कोर्स की 518, स्नातकोत्तर की 1132, एम.फिल. की 36 एवं पीएच.डी. पाठ्यक्रमों की 172 सीटों के लिए दाखिले कर रहा है। इसके लिए www.cucetexam.in अथवा www.cuh.ac.in पर लॉगइन कर सकते हैं। इसके अलावा आवेदक हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय की वेबसाइट से भी प्रवेश परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन फार्म भर सकते हैं तथा विस्तृत विवरण देख सकते हैं। ---- सीमा शर्मा