नई दिल्ली में नववर्ष के जश्न में डूबे व्यवसायी के परिजनों व कर्मचारियों को नए नौकर ने जहरीला पदार्थ खिला दिया।
आरोपी ने लूटपाट की नीयत से ऐसा किया, लेकिन व्यवसायी व उसकी पत्नी के खाना नहीं खाने से मंसूबे पर पानी फिर गया। जब सभी उल्टी करने लगे तो आरोपी फरार हो गया।
पुलिस के मुताबिक, सूरज नेहरा सपरिवार बृजवासन स्थित पुष्पांजलि फार्म हाउस में रहते हैं। परिवार में पत्नी, 21 माह की बेटी लीली के अलावा नानी एस खंडूरी (86) रहती हैं।
सूरज के फार्म हाउस में कई कर्मचारी भी रहते हैं। 31 दिसंबर की रात लीली की तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह उल्टी करने लगी।
सूरज बच्ची को अस्पताल ले जाने की तैयारी ही कर रहे थे कि नानी व सात कर्मचारी बेग बहादुर, किरण बहादुर, टॉम बहादुर, श्याम बहादुर, ख्याली (ड्राइवर), ललिता तमंग और राधा थापा भी उल्टी करने लगे।
सूरज ने सभी को गुड़गांव स्थित एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया। सुबह घर पहुंचने पर उसने नौकर को गायब पाया।
घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। 27 दिसंबर को उसने खाना बनाने के लिए गुड़गांव स्थित प्लेसमेंट एजेंसी से चंद्र सिंह को रखा था।
चंद्र सिंह कांगड़ा (हिमाचल प्रदेश) का रहने वाला है। सूरज ने आशंका जताई है कि घर में लूटपाट की नीयत से ही चंद्र सिंह ने खाने में जहरीला पदार्थ मिलाया था। पुलिस चंद्र सिंह की तलाश कर रही है।