वेलेंटाइन डे करनी थी शादी, टीवी सीरियल देखकर पड़ोसी लगा दी सेंध, गिरफ्तार
-उत्तरी जिला के लाहौरी गेट थाना पुलिस ने फराश खाना के घर में हुई चोरी की वारदात को सुलझाया, 2.15 कैश, सोने के जेवरात और मोबाइल फोन बरामद
-आरोपी की सैलरी महज आठ हजार, वेलेंटाइन डे पर गर्लफ्रेंड से करना था शादी, इसलिए बना ली चोरी की योजना, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
वेलेंटाइन डे पर गर्लफेंड शादी करने के लिए एक युवक ने टीवी सीरियल देखकर पड़ोसी के घर में सेंध लगा दी। आरोपी ने लाखों रुपये कैश और सोने के जेवरात व मोबाइल चोरी कर लिया। लेकिन 24 घंटे में ही पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी की पहचान कर उसे दबोच लिया। आरोपी की पहचान फराश खाना, लाहौरी गेट निवासी मोहम्मद जैद (20) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी किया गया लगभग सारा सामान बरामद किया है। इसके पास से 2.15 लाख कैश और सोने के जेवरात बरामद हुए हैं। आरोपी से पूछताछ कर लाहौरी गेट थाना पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त सागर सिंह कलसी ने बताया कि मंगलवार देर रात को गली समोसन, फराश खाना, लाहौरी गेट निवासी फहीमुद्दीन (48) ने अपने घर में चोरी की शिकायत दी थी। पीड़ित ने बताया कि मंगलवार को वह अपनी जॉब पर गए थे। घर में उनकी पत्नी अकेली थी। शाम के समय मेन गेट का ताला लगाकर पास में ही मौजूद अपने मायके चली गईं। रात करीब 8.00 बजे फहीमुद्दीन वापस लौटे तो उनके मेन गेट का दरवाजा खुला हुआ था। घर से कैश, जेवरात और एक मोबाइल फोन गायब था। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला गया। करीब 200 सीसीटीवी कैमरे देखने के बाद पुलिस ने एक युवक की पहचान की। वह मास्क लगाकर पड़ोस की ही गली कटरा-हिन्दू फराश खाना जाता हुआ दिखा। पुलिस ने बुधवार को छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी जैद ने वारदात में अपना हाथ होने की बात कबूल कर ली। जैद ने बताया कि वह एक दुकान पर प्राइवेट नौकरी करता है, वहां उसे आठ हजार रुपये मिलते हैं। उसकी एक गर्लफ्रेंड है, जिससे वह शादी करना चाहता था। दोनों वेलेंटाइन डे पर शादी करने की योजना बनाई। समय बीतता जा रहा था, लेकिन जैद शादी के लिए रुपयों का इंतजाम नहीं कर पा रहा था। उसने टीवी सीरियल सावधान इंडिया और यू-ट्यूब से चोरी के तरीके सीखे। इसके बाद उसने चाबियों के गुच्छे का इंतजाम किया। फहीमुद्दीन का घर बंद मिलाकर देखकर इसने वहां वारदात को अंजाम दे दिया। पुलिस इससे पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।
----
शुजात आलम