नीट यूजी: काउंसलिंग शुरू, आज आज से विकल्प भरने का अवसर
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली, 19 जनवरी
केंद्रीय पात्रता व प्रवेश परीक्षा( नीट यूजी) के बहुप्रतीक्षित मेडिकल कॉलेज में प्रवेश के लिए काउंसलिंग की प्रक्रिया बुधवार से शुरू हो गई है। छात्र 24 जनवरी तक पंजीकरण करने के साथ फीस का भुगतान कर सकते हैं। वहीं, आज से छात्रों को कॉलेजों व संस्थानों के लिए विकल्प भरने का अवसर दिया जाएगा।
---------------
शाम चार बजे के बाद विकल्पों को कर सकेंगे लॉक
देशभर के मेडिकल कॉलेज में दाखिले के लिए छात्र बृहस्पतिवार से विकल्पों को भर सकेंगे। इसके तहत 24 जनवरी रात 11:55 तक विकल्पों को भरने का अवसर है। यहां ध्यान देने वाली बात यह है कि विकल्प भरने के बाद बृहस्पतिवार शाम चार बजे से ही छात्रों को विकल्पों को लॉक करने का सुविधा दी जाएगी। छात्र 24 जनवरी रात 11:55 तक अपने विकल्प को लॉक कर सकते हैं। यदि छात्र विकल्प भरने के बाद लॉक नहीं करते हैं, ऐसे में छात्र द्वारा भरे गए विकल्प को नहीं माना जाएगा। मेडिकल काउंसलिंग कमेटी की ओर से छात्रों को सलाह है कि विकल्प को लॉक करने से पहले अपने द्वारा भरी गई सभी जानकारी को सुनिश्चित कर लें, क्योंकि एक बार विकल्प को लॉक करने के बाद इसमें मौजूदा चरण के लिए बदलाव की संभावना नहीं है।गौरतलब है कि मेडिकल काउंसलिंग कमेटी की ओर से चार चरणों में दाखिले की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इसके तहत शुरुआती दो चरण के बाद तीसरे चरण को मोप अप चरण का नाम दिया गया है। वहीं, चौथे चरण के तहत खाली रह गई सीटों को भरा जाएगा।
--------
29 जनवरी को जारी होगा
पहले चरण का परिणाम
उक्त प्रक्रिया पूरी होने के बाद 29 जनवरी को मेडिकल काउंसलिंग कमिटी की ओर से पहले चरण का परिणाम घोषित किया जाएगा। इसके तहत छात्रों को चार फरवरी तक दाखिला दिया जाना सुनिश्चित है। इसके बाद दूसरे चरण की प्रक्रिया नौ फरवरी से शुरू होगी जो कि 18 फरवरी तक चलेगी। इसके लिए छात्रों को 26 फरवरी तक दाखिला दिया जाएगा।
----------
127 हजार सीटों पर मिलेगा दाखिला
शैक्षणिक सत्र 2021-22 के तहत नीट यूजी काउंसलिंग के तहत अखिल भारतीय स्तर पर 127 हजार से भी अधिक सीटों पर छात्रों को दाखिला दिया जाएगा। इसमें एमबीबीएस के लिए 89395 सीट, बीडीएस के लिए 27948, आयुष के लिए 9720, बीवीएससी और एएच कोर्स के लिए 603 सीटों पर काउंसलिंग की जानी है। वहीं, एम्स में बीएससी नर्सिंग के लिए 1899 और जिप्मर में एमबीबीएस के लिए 249 सीटें हैं। गौरतलब है कि मेडिकल काउंसलिंग कमिटी ने राज्यों को अपने कॉलेजों में काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू करने के लिए अलग से शेड्यूल जारी किया है। इसके तहत 27 जनवरी से राज्य स्तर पर काउंसलिंग शुरू होगी।
-----------
किशन कुमार