नई दिल्ली के सागरपुर के इंद्रा पार्क में रविवार सुबह टैक्सी ड्राइवर ने पत्नी और दस साल की बेटी के सिर पर सरिया मारकर हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी को दबोचकर उसकी निशानदेही पर सरिया बरामद कर लिया है। आरोपी से शुरुआती पूछताछ में पति-पत्नी विवाद की बात सामने आ रही है।
हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी पत्नी और बेटी को संपत्ति में हिस्सा नहीं देना चाहता था। फिलहाल, परिजनों से पुलिस पूछताछ करके हत्या के कारणों की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, टैक्सी चालक जसविंदर शर्मा पत्नी सरिता (35) और बेटी शालिनी (10) के साथ गली नंबर 7 में रहता था। शनिवार को सरिता की बहन की बेटी सुमन (बदला नाम) उसके घर आई थी।
रात में खाना खाने के बाद परिवार के सभी सदस्य सो गए। सुबह करीब साढ़े आठ बजे सुमन कमरे से जोर-जोर से चिल्लाकर लोगों से मदद की गुहार लगाने लगी।
आसपास के लोग वहां पहुंचे तो दरवाजा बाहर से बंद था। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो कमरे में खून फैला हुआ था।
सरिता और शालिनी के सिर व गर्दन पर वार करके हत्या की गई थी। पुलिस पूछताछ में सुमन ने बताया कि रात में खाना खाने के बाद जसविंदर ने उसे दूसरे कमरे में सोने के लिए कहा था।
सुबह नींद खुलने पर उसके कमरे में अंधेरा था। उसने मौसी को आवाज लगाई। कोई जवाब नहीं मिलने पर वह मौसी के कमरे में गई। मां-बेटी बिस्तर पर अचेत पड़ी थीं और जसविंदर घर से गायब था।
इसके बाद सागरपुर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज करके जसविंदर को इलाके से ही गिरफ्तार कर लिया।
दक्षिण पश्चिम दिल्ली के पुलिस उपायुक्त सुमन गोयल ने बताया कि विवाह के बाद से ही पति-पत्नी के बीच विवाद था। आरोपी और उसके परिवार के अलावा सरिता के परिवार से पूछताछ की जा रही है, ताकि हत्या के कारणों का खुलासा हो सके।