युवा दिल्ली में कांग्रेस के पास युवाओं को मौका देने के बहुत अधिक विकल्प नहीं हैं।
युवाओं का प्रतिनिधित्व करने वाले राहुल गांधी की सेना में विधानसभा के दंगल में उतरने के लिए सिर्फ 7 फीसदी आवेदक शामिल हुए हैं।
इतना ही नहीं, 70 में से 27 सीटों पर कोई भी 35 साल से कम उम्र का आवेदक नहीं है। वहीं, 70 साल से अधिक उम्र के 18 दावेदार हैं।
इनमें सबसे उम्रदराज 80 साल के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष चौधरी प्रेमसिंह हैं, जबकि मुख्यमंत्री शीला दीक्षित 75 साल की हैं।
कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, टिकट के लिए करीब 1400 आवेदन आए हैं। विधायक बनने के लिए 25 साल उम्र होनी चाहिए।
इस दहलीज पर आते ही मुस्तफाबाद से विनय कुमार और अंबेडकर नगर से हेमंत चौधरी ने दावेदारी की है।
वहीं डूसू के पूर्व अध्यक्ष अजय चिकारा ने मुंडका, शालीमार बाग से रचित गुप्ता, बवाना से महेंद्र सिंह, शकूरबस्ती से दीपिका देशवाल, चांदनी चौक से गौतम सहगल और सागर मेहरा, पटेल नगर से कमल दहिया, नजफगढ़ से जसबीर सिंह डबास, देवली से हेमंत चौधरी 26 साल के आवेदकों में शामिल हैं।
कांग्रेस के नेता इस बात को मान रहे हैं कि युवाओं को मौका देने का फरमान पहले राहुल गांधी के पास से आता था, लेकिन अब ऐसा नहीं हो रहा है।
जो गिने चुने जिताऊ युवा आवेदक हैं, उसमें 35 वर्ष से कम आयु के 5-7 को मौका मिल जाए, यही बहुत है।
युवक कांग्रेस, एनएसयूआई के कई नेता टिकट मांग रहे हैं, लेकिन 27 सीट पर चाहकर भी नहीं दे सकते। जो 43 सीटें बचती हैं उसमें कई कांग्रेस के जीते हुए विधायक हैं।
बुजुर्ग दावेदारों में बिजवासन से 77 साल के सूरज यादव हैं।
वहीं, गोकलपुर सीट पर 70 साल से अधिक के ओमप्रकाश चौधरी, बलजोर सिंह और ओमप्रकाश मौर्य ने दावेदारी की है।
कांग्रेस के दावेदारी में उम्र की दावेदारी
30 साल से कम सिर्फ 36 दावेदार हैं।
30-35 वर्ष के 58 आवेदक हैं कांग्रेस में।
70 साल से अधिक उम्र के 18 दावेदार।
चौधरी प्रेम सिंह हैं 80 साल के सबसे बजुर्ग दावेदार।
गोकलपुरी सीट पर सत्तर साल से ऊपर से तीन आवेदक।
27 सीटों पर नहीं है कोई युवा दावेदार।
इन सीटों पर नहीं है कोई युवा दावेदार
सुल्तानपुर माजरा, नांगलोई जट, मंगोलपुरी, त्रिनगर, वजीरपुर, मॉडल टाउन, सदर बाजार, मटिया महल, बल्लीमारान, मोती नगर, राजौरी गार्डन, उत्तम नगर, मटियाला, दिल्ली कैंट, राजेंद्र नगर, नई दिल्ली, जंगपुरा, छतरपुर, कालका जी, बदरपुर, पटपड़गंज, लक्ष्मी नगर, विश्वास नगर, गांधी नगर, शाहदरा, सीमापुरी और सीलमपुर।