नई दिल्ली में जामिया नगर से एमसीडी के इंजीनियर एमएल खान के बेटे मो. रेहान के अपहरण और एक करोड़ रुपये की फिरौती मांगने की गुत्थी अभी सुलझ भी नहीं पाई है कि महरौली थाना क्षेत्र में आठवीं कक्षा की छात्रा के अपहरण के प्रयास का मामला सामने आया है।
खास बात ये है कि अपहरण मामले में तीन महिलाएं भी शामिल हैं। महरौली थाना पुलिस ने अपहरण का मामला दर्जकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
मंगलवार देर रात तक अपहरणकर्ताओं के बारे में कोई सुराग नहीं मिला था।
दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार 15 वर्षीय छात्रा छतरपुर पहाड़ी इलाके में रहती है।
सोमवार शाम को वह ट्यूशन पढ़कर घर लौटी थी। इसके बाद वह सहेली को कोई किताब देने गई थी।
वापस आकर वह घर के पास ही खड़ी थी। तभी एक कार उसके घर के पास रुकी। कार में तीन महिलाएं बैठी थीं।
एक महिला ने छात्रा से कोई पता पूछा, वह पता बता पाती उससे पहले ही महिलाओं ने उसे कार में खींच लिया। आरोपी छात्रा को गुड़गांव की तरफ ले जाने लगीं।
कुछ दूर जाकर दो महिलाएं किसी काम से कार से उतर गईं, एक महिला व एक व्यक्ति कार में आगे बैठे थे। तभी छात्रा कार से कूद गई और घर की तरफ भागी।
छात्रा ने रास्ते में शोर मचा दिया। उसकी आवाज सुनकर कुछ लोग एकत्रित हो गए।
भीड़ को एकत्रित होते देख आरोपी मौके से फरार हो गए। आरोपियों को दबोचने के लिए महरौली थाना पुलिस ने काफी देर इलाके में नाकेबंदी की, मगर अपहरणकर्ताओं का सुराग हाथ नहीं लगा।