नई दिल्ली। मॉडल टाउन इलाके में ऑनलाइन खाना डिलीवर करने वाली एक कंपनी के मैनेजर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मैनेजर पर डिलीवरी ब्वॉय को एक साथ इक्कठा कर संक्रमण फैलाने की आशंका पैदा करने व लॉक डाउन का उल्लंघन करने का आरोप है। जानकारी के मुताबिक मॉडल टाउन थाने में तैनात सिपाही उदयभान इलाके में गश्त कर रहा था। मॉडल टाउन पार्ट टू में उसने एक बिल्डिंग के नीचे करीब चालीस युवकों को खड़ा देखा। सभी युवक ऑनलाइन खाना डिलीवर करने वाली एक कंपनी का टीशर्ट पहन रखा था। पूछताछ में पंकज नाम के युवक ने बताया कि मैनेजर प्रवीण यादव सहित अन्य अधिकारी उन्हें बिल्डिंग के पास रहने के लिए कहते हैं। यहां से जाने पर आईडी सस्पेंड करने की धमकी देते हैं। पूछताछ में मैनेजर प्रवीण कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। पुलिस के मुताबिक मैनेजर ने अपने कर्मचारियों को सामाजिक दूरी के बारे में नहीं बताया था। जिससे बीमारी के फैलने का आशंका पैदा होता है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।