चुनाव प्रचार के लिए हजारों वॉट के संगीत व रंग बिरंगी मास्क लाइटों के बीच बॉलीवुड सितारों का लाइव कंसर्ट... कभी देखा है क्या?
रॉक शो के दौरान हाथ हिलाकर झूमते लोग तो देखे होंगे, लेकिन वे हवा में झूमते हुए झाडू लहरा रहे हों... कभी देखा है क्या?
कंसर्ट में ड्रेस कोड तो सुना है, लेकिन टोपी लगाने पर ही एंट्री हो... कभी देखा है क्या?
आम आदमी पार्टी ने प्रचार के लिए पश्चिमी देशों की तर्ज पर किया एक और सफल प्रयोग कर दिखाया है। लेकिन यहां पहुंची हजारों युवाओं की भीड़ वोट में तब्दील हो पाएगी या नहीं यह भविष्य के गर्भ में ही है।
दरअसल, चुनाव मैनेजमेंट के मामले में राष्ट्रीय दलों को सोचने पर मजबूत कर चुकी आम आदमी पार्टी, रोज नए प्रयोग कर रही है।
इसी कड़ी में उसने बॉलीवुड में जाने-माने नामों का लाइव कंसर्ट कराया। शनिवार शाम को आयोजित इस कार्यक्रम के लिए दोपहर में ही हजारों युवा जुट चुके थे, इसी समय द्वारका में मोदी की रैली थी। लेकिन इस बार मोदी जैसा जादू बॉलीवुड सितारों का भी रहा।
पार्टी सूत्रों के अनुसार युवाओं को जोड़ने के लिए पार्टी के थिंक टैंक व जाने माने कवि कुमार विश्वास ने इस प्रयोग पर काम किया और गत सप्ताह सभी कलाकारों से समय लेने के बाद ‘जीत की गूंज’ नाम के इस कार्यक्रम की घोषणा की गई।
बताया जाता है कि इस तरह का कंसर्ट पश्चिमी देशों में नेताओं द्वारा अपने पक्ष में युवाआें को मोड़ने के लिए किया जाता है।
कंसर्ट के लिए कलाकार व आयोजक दोनों का दावा है कि इसके लिए बॉलीवुड सितारों को कोई भुगतान नहीं किया गया है लेकिन भव्य स्टेज व लाइट साउंड की व्यवस्था से साफ है कि इसका काफी खर्च आया होगा।
हिंदी फिल्मों के सुपर हिट गाने परफॉर्म किए जाने के दौरान बीच-बीच में पार्टी का प्रचार भी किया जा रहा था। जिसमें विपक्षी दल व स्टिंग करने वालों को आयोजक खींच रहे थे।
यहां पहुंचे कलाकारों में से कुछ ने म्यूजिक इंस्ट्रूमेंट के साथ प्रस्तुति दी तो किसी ने माइनस लाइव शो किया। कंसर्ट के बीच में कुमार विश्वास ने कहा कि अब कार्यक्रम में सबसे बड़ा रॉक स्टार परफॉर्म करने आ रहा है।
जोरदार तालियां बजीं और केजरीवाल के मंच पर आते ही कार्यकर्ताओं की हंसी छूंटने के बाद जोश भर गया। यहां पर नया नारा पूरे जोश में बोला गया... भ्रष्टाचार का एक ही काल, केजरीवाल केजरीवाल।
इस रॉक शो में कोई प्रशंसक केजरीवाल को अमरीश पुरी व अनिल कपूर के नायक फिल्म के पोस्टर के बीच में रखे हुआ था तो युवाओं की बैंड टीम भी यहां पर अपने साजो-सामान के साथ थी।
राहुल की रैली में पीने के पानी की वजह से लोगों के जाने की बात हुई थी, लेकिन यहां आप के कार्यकर्ता पानी के पाउच लोगों में बांट रहे थे।
शहर में शनिवार को मोदी की रैली थी और रविवार को सोनिया गांधी की रैली आयोजित होगी। राहुल गांधी की रैली में भीड़ न जुटने के बाद आयोजकों की भीड़ को लेकर चिंता रहती है।
ऐसे में स्टिंग ऑपरेशन के बाद डैमेज कंट्रोल में जुटी आप नए प्रयोग करके लोगों की भीड़ खासकर युवाओं को जोड़कर काफी उत्साहित दिख रही थी।