नई दिल्ली। अमृतसर से नई दिल्ली आने वाली शताब्दी ट्रेन अपने निश्चित समय रात 11:05 से लेट हो गई तो एयरपोर्ट मेट्रो नई दिल्ली स्टेशन पर 11:45 बजे तक यात्रियों का इंतजार करेगी। वहीं, शताब्दी ट्रेन से जाने वालों को नई दिल्ली पहुंचाने के लिए भी एयरपोर्ट मेट्रो जल्दी चलेगी।
डीएमआरसी ने ट्रेन का समय, फ्रीक्वेंसी और स्पीड बढ़ाने का फैसला किया है। पीक ऑवर्स में प्रत्येक 10:30 मिनट में ट्रेन मिलेगी, जो अभी 15 मिनट में मिलती है। बाकी टाइम 15 मिनट इंतजार करना पड़ेगा। ट्रेन की रफ्तार भी 70 की जगह 80 किमी प्रति घंटा की जाएगी। डीएमआरसी के अनुसार, एयरपोर्ट एक्सप्रेस मेट्रो के ऑपरेशन में 1 अगस्त से बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे। सुबह पहली ट्रेन टर्मिनल स्टेशन द्वारका सेक्टर-21 व नई दिल्ली से सुबह पौने पांच बजे चलेगी। वहीं, अंतिम ट्रेन पहले की तरह ही नई दिल्ली से रात 11:30 बजे व द्वारका सेक्टर 21 से 11:15 बजे मिलेगी। डीएमआरसी के कार्यकारी निदेशक (कारपोरेट कम्युनिकेशन) अनुज दयाल बताते हैं कि नई दिल्ली स्टेशन पर ज्यादातर शताब्दी ट्रेनें सुबह जाती हैं और रात को आती हैं इसलिए सुबह पहली ट्रेन पौने पांच बजे ही सर्विस में उतारी जाएगी। यात्रियों की सुविधा के लिए यह व्यवस्था की गई है। अगर शताब्दी लेट है तो अंतिम मेट्रो ट्रेन नई दिल्ली से 15 मिनट लेट चलेगी।