नई दिल्ली। देश भर में फैले बुकी आईपीएल-5 में भी फिक्सिंग करवाना चाहते थे। इसके लिए अजीत चंदीला से संपर्क साधा था। बुकीज खासकर सुनील भाटिया चंदीला से कई मैचों में फिक्सिंग करवाना चाहता था। सुनील ने आईपीएल-5 में चंदीला को स्पॉट फिक्सिंग के लिए 12 लाख रुपये एडवांस में दिए थे।
दिल्ली पुलिस अधिकारियों के अनुसार पूछताछ में यह बात सामने आई है कि आईपीएल-5 में अजीत ने तीन-चार मैच ही खेले थे, इस कारण वह स्पॉट फिक्सिंग नहीं कर पाया। यह खुलासा बुकी सुनील भाटिया ने किया है। दिल्ली पुलिस यह देख रही है कि सुनील ने 12 लाख रुपये चंदीला से वापस लिए या नहीं। पुलिस जांच कर रही है कि क्या वाकई में आईपीएल-5 में स्पॉट फिक्सिंग नहीं हुई और हुई तो कितने मैच में स्पॉट फिक्सिंग हुई थी।
दिल्ली पुलिस अधिकारियाें के अनुसार श्रीसंत ने मोहाली में बुकी के वायदे को पूरा नहीं किया था। उसे अपने ओवर में 14 रन देेने थे, मगर वह 13 रन ही दे पाया था। अपने वायदे को पूरा करने के लिए श्रीसंत ने नो बॉल फेंकी थी, जिसे अंपायर ने नहीं देखा था। एक ओवर में 14 रन नहीं मिलने से बुकी नाराज हो गए थे। अगले मैच के लिए बुकी ने जब श्रीसंत से फिक्सिंग करवाने के लिए जीजू जनार्दन से संपर्क किया तो उसने फिक्सिंग के लिए दोगुनी रकम 80 लाख रुपये मांगे थे। इस पर बुकी ज्यादा नाराज हो गए थे।
इसके बाद सभी बुकीज ने आपस में बात की और श्रीसंत व जीजू जनार्दन को धमकाने की ठानी। बताया जा रहा है कि श्रीसंत व जीजू को अंडरवर्ल्ड से धमकियां दिलवाई थीं। धमकी देते वक्त कहा गया था कि अगले मैच में उसे फिक्सिंग का वायदा पूरा करना है। इसके बाद श्रीसंत व जीजू बहुत ज्यादा डर गए थे। गौरतलब है कि अगले मैच के लिए फिक्सिंग की जाती उससे पहले ही दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने श्रीसंत व जीजू जनार्दन को गिरफ्तार कर लिया था।