ग्रेटर नोएडा। कासना कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत चूहड़पुर अंडरपास के पास रविवार शाम चालक की हत्या कर बदमाश उसकी कैब लूटकर फरार हो गए। परिजनों ने पुलिस पर मामले में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया।
दादरी कोतवाली के पल्ला गांव निवासी सतीश भाटी (27) ने अपनी जायलो कार को एनआईटी कंपनी में लगा रखा था। रविवार शाम वह कंपनी के कर्मचारियों को दनकौर छोड़कर ग्रेटर नोएडा की ओर आ रहा था। चूहड़पुर अंडरपास के रास्ते पर अज्ञात बदमाशों ने सतीश की गोली मारकर हत्या कर दी और कैब लेकर फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं चालक के परिजनों को करीब दो घंटे बाद घटना की जानकारी मिली। जब तक वे घटनास्थल पर पहुंचे तब तक पुलिस शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज चुकी थी। परिजनों का कहना था कि कासना पुलिस ने बिना सूचना दिए और बिना पंचनामा भरे शव को पोस्टमार्टम के लिए नोएडा भेज दिया। उन्होंने कासना कोतवाली में विरोध जताया। सीओ ग्रेनो अनुराग सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।