नई दिल्ली। गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (आईपीयू) भी अब नए जमाने के साथ कदमताल कर रहा है। यूनिवर्सिटी अब अब छात्रों को बीटेक के साथ एमटेक की भी डिग्री देगी। यही नहीं, छात्र इंजीनियरिंग के साथ-साथ मैनेजमेंट की भी पढ़ाई कर सकते हैं। डुएल डिग्री प्रोग्राम आईपीयू कैंपस में ही संचालित होगा। मान्यता प्राप्त स्कूल और कॉलेजों को अभी इससे नहीं जोड़ा गया है।
अगर आप बीटेक के साथ एमटेक की डिग्री लेना चाहते हैं तो फिर आईपीयू की राह पकड़ लें। द्वारका स्थित कैंपस के यूएसआईसीटी (इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट) से इंजीनियर बनने वाले छात्रों को डुएल डिग्री में दाखिले का भी मौका मिलेगा। आईपीयू इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक एंड कम्यूनिकेशन इंजीनियरिंग, बायोटेक्नोलॉजी, केमिकल इंजीनियरिंग प्रोग्राम में बीटेक और एमटेक की डुएल डिग्री मिलेगी। इन छह वर्षीय प्रोग्राम में चार साल स्नातक की, तो दो साल स्नातकोत्तर की पढ़ाई करवाई जाएगी। खास बात यह है कि बीटेक प्रोग्राम वाले छात्रों को एमटेक की प्रवेश परीक्षा से नहीं गुजरना पड़ेगा। सभी विषयों में 60-60 सीटें होंगी, जोकि बीटेक की प्रवेश परीक्षा के आधार पर भरी जाएंगी। हालांकि यूएसआईसीटी सिविल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग और मेकेनिकल इंजीनियरिंग प्रोग्राम शुरू करने की कोशिश में है, लेकिन इन प्रोग्राम के लिए अभी आधिकारिक मान्यता नहीं मिली है।
-----
कोट....
छात्र आईपीयू कैंपस में बीटेक के साथ एमटेक और बीटेक संग एमबीए की डिग्री एक साथ ले सकते हैं। हालांकि बीटेक में सीट प्रवेश परीक्षा के आधार पर मिलेगी। सीट मिलने के बाद छात्रों ईडब्लयूएस कोटे का लाभ भी मिलता है। इसके अलावा कुछ अन्य प्रोग्राम को भी जोड़ने की कवायद हो रही है।
प्रोफेसर बीवीआर रेड्डी, डीन, यूएसआईसीटी