नई दिल्ली। दक्षिण दिल्ली के महरौली इलाके में माता-पिता के साथ जा रही किशोरी के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। आरोपियों ने किशोरी की जैकेट फाड़ दी। मौके पर मौजूद लोगों ने शराब के नशे में धुत मनचलों की जमकर धुनाई कर दी। दोनों को इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के बाद दोनों को छुट्टी दे दी गई। पुलिस के अनुसार, आरोपियों में एक नाबालिग है।
दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, महरौली निवासी रामपाल (बदला हुआ नाम), पत्नी और 15 वर्षीय बेटी के साथ दोस्त के यहां कार्यक्रम में जा रहे थे। रास्ते में युवकों ने रामपाल की बाइक के आगे अपनी बाइक लगा दी। रामपाल ने इसका विरोध किया तो उन्होंने उसके साथ हाथापाई शुरू कर दी। पिता के बचाव में किशोरी आगे आई तो आरोपियों ने उससे छेड़छाड़ की और उसकी जैकेट फाड़ दी। किशोरी ने शोर मचाना शुरू कर दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी युवकों को घेर लिया और जमकर पिटाई कर दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पीसीआर ने दोनों मनचलों को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि इलाज के बाद दोनों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। महरौली पुलिस ने छेड़छाड़ समेत कई धाराओं में मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है। बालिग आरोपी का नाम शमशेर (24) है। प्रत्यक्षदर्शी आरोपियों की संख्या तीन बता रहे हैं। तीसरा आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब हो गया था।