नई दिल्ली। राजधानी में हत्या की घटनाओं में कमी से जहां पुलिस को राहत मिली, वहीं त्वरित कारणों से हो रही हत्याएं पुलिस के लिए सिरदर्द बन गई है। पिछले साल के मुकाबले इस बार हत्या के मामले में 4.05 फीसदी की कमी आई है। लेकिन हत्या के करीब 21 फीसदी मामले त्वरित कारणों की वजह से हुई है।
दिल्ली पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक पिछले साल जहां राजधानी में 543 हत्याएं हुई थीं। 2012 में इसकी संख्या 521 हो गई हैै। पुलिस ने हत्या के कारणों की जांच की तो पता चला कि ज्यादातर हत्याएं मामूली कारणों की वजह से हुई हैं। पुलिस के मुताबिक 21 फीसदी मामलों में त्वरित कारणों की वजह से हत्याएं हुई है। जिसमें साउथ रोहिणी में कंबल नहीं देने पर हत्या, खाने की रसीद नहीं देने पर हत्या, अश्लील हरकत करने से मना करने पर हत्या, विवाह समारोह से जनरेटर हटाने को लेकर हत्या, बाइक पार्क करने से रोकने पर हत्या, घर के सामने चिल्लाने पर हत्या, दो वाहनों के आपस में टकराने पर हत्या शामिल है।
आंकड़ों के मुताबिक अन्य कारणों में 15 फीसदी मामलों में अवैध संबंध की वजह से हत्या हुई, वहीं 14 फीसदी हत्या अपराध से संबंधित है। 13 फीसदी मामलों में दुश्मनी की वजह से तो 11 फीसदी हत्याएं पारिवारिक कलह के कारण हुई।
हत्या के कारण
. त्वरित कारण 21 फीसदी
. अवैध संबंध 15 फीसदी
. आपराधिक कारण 14 फीसदी
. दुश्मनी 13 फीसदी
. लेन-देन 7 फीसदी
. प्रॉपर्टी 2 फीसदी
. अन्य कारण 9 फीसदी
. अज्ञात 8 फीसदी