खतौली(मुजफ्फरनगर)। न्याय न मिलने से क्षुब्ध होकर दिल्ली में राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के समक्ष आत्मदाह करने पहुंचे खतौली निवासी तुलसीराम को दिल्ली पुलिस ने खान मार्केट पहुंचते ही गिरफ्तार कर लिया। बाद में उसे आयोग के निर्देश पर छोड़ दिया गया तथा उसे वार्ता के लिए 26 नवंबर को बुलाया है।
खतौली के लाल मोहम्मद निवासी वृद्ध दलित तुलसीराम का आरोप है कि उसकी जमीन पर खतौली शुगर मिल ने कब्जा कर रखा है। जिसके लिए वो बीते पांच साल से न्याय पाने को संघर्षरत है। उसने राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग से भी शिकायत की थी, मगर मामला कोर्ट में विचाराधीन होने के कारण कोई सुनवाई नहीं हो सकी। जिससे क्षुब्ध होकर तुलसीराम ने 21 नवंबर को राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के समक्ष आत्मदाह करने की चेतावनी दी थी। वह बुधवार को चुपके से राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के सामने खान मार्केट पहुंच गया, जब वह अपने ऊपर तेल डालने वाला था, तभी वहां पर पहले से मौजूद दिल्ली पुलिस कमियों ने उसे पकड़ लिया। इस दौरान वहां पर आए आयोग के अधिकारियों ने उसे न्याय दिलाने का आश्वासन दिया तथा वार्ता के लिए 26 नवंबर बुलाया है। आयोग के निर्देश पर ही बाद में उसे छोड़ दिया गया।