नई दिल्ली। 32वें व्यापार मेले में बिजनेस डेज में भीड़ बढ़ने का सिलसिला जारी है। शनिवार को मेले के चौथे दिन 40 हजार लोगों ने शिरकत की। इनमें 121 डेलीगेशन भी शामिल हैं। आईटीपीओ का कहना है कि बिजनेस डेज के शुरुआती तीन दिनों में ही बीते साल की तुलना में 20 फीसदी का इजाफा हुआ है। रविवार तक तादाद और बढ़ने की उम्मीद है।
शनिवार को सप्ताहांत होने के कारण मेले में खासी भीड़ रही। इसमें व्यापारियों के अलावा आम लोग भी दिखाई दिए। आईटीपीओ के मुताबिक रविवार से भीड़ बढ़ेगी व सोमवार को आम लोगों के लिए भी मेला खुल जाएगा। इसी को ध्यान में रखते हुए मेले में रविवार से ही सुरक्षा बढ़ा दी जाएगी।
आईटीपीओ सीएमडी रीना मेनन ने बताया कि मेले की व्यवस्था बीते सालों की तुलना में बेहतर है। सभी एजेंसियां अच्छी तरह काम कर रही हैं। भीड़ बढ़ने की संभावना व आतंकी हमले की धमकी के चलते प्रगति मैदान में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। मेले की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल रहे पुलिस उपायुक्त ने बताया कि सभी गेट पर इंसपेक्टर, पीसीआर वैन तैनात की गई है। इसके अलावा मचान से अंदर व बाहर नजर रखी जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रात में प्रगति मैदान खाली हो जाने के बाद एक-एक घंटे पर चार बार चेकिंग की जा रही है।