चंडीगढ़। इंडस्ट्रियल एरिया स्थित थ्री स्टार होटल में दिल्ली के एक कारोबारी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। शनिवार रात उन्होंने अपने स्कूल के समय के दोस्तों के साथ एक पार्टी में हिस्सा लिया था। रविवार सुबह जब खटखटाने पर भी उन्होंने दरवाजा नहीं खोला, तो दोस्तों को शक हुआ। फौरन इसकी सूचना होटल कर्मियों को दी गई। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने देखा तो बाथरूम में शव पड़ा हुआ था। मृतक की पहचान दिल्ली के पंजाबी बाग निवासी 47 वर्षीय हरमिंदर सिंह के रूप में हुई है। उनकी एक ऑटो स्पेयर पार्ट बनाने वाली कंपनी है। होटल के दो अन्य कमरों में हरमिंदर के दोस्त भी ठहरे हुए थे।
हरमिंदर सिंह ने मसूरी के गुरनानक स्कूल से 1984 में पढ़ाई पूरी की थी। साथ में पढ़ाई करने वाले दोस्तों ने चंडीगढ़ में पार्टी सेलिब्रेट करने का प्लान बनाया था। शनिवार को पार्टी में शरीक होने के लिए वह अपने चार दोस्तों के साथ दिल्ली से चंडीगढ़ पहुंचे। उन्होंने इंडस्ट्रियल एरिया में तीन कमरों की बुकिंग कराई। सेक्टर-17 में एक होटल में पार्टी सेलिब्रेट करने के बाद सभी दोस्त होटल पहुंचे। दोस्तों ने खर्राटे से बचने के लिए हरमिंदर को कमरा नंबर-202 में सोने के लिए भेज दिया। बाकी दोस्त होटल के अन्य कमरों में ठहरे। रविवार सुबह जब हरमिंदर नहीं जागे, तो उनके दोस्तों ने फोन किए और दरवाजा भी खटखटाया।
पुलिस ने ससीटीवी फुटेज खंगाली
पुलिस ने कमरे की जांच की और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। एसएचओ मलकीत सिंह के अनुसार पूरी रात होटल के उस कमरे की लाइट्स ऑन थीं। हरमिंदर सिंह कपड़े बदलने के लिए बेल्ट खोल रहा था उसी दौरान गिरने की आशंका जताई जा रही है। दोस्तों और होटल कर्मियों से भी पूछताछ की गई है।