नई दिल्ली। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई ) एयरपोर्ट पर सीआईएसएफ के जवानों ने शनिवार तड़के रेव पार्टी में इस्तेमाल होने वाले 24 किलो सूडो एफेड्रिन ड्रग्स के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इनकी पहचान चलालखोगिन, उसकी पत्नी चोंगबोई के अलावा सतखोलाल के रूप में हुई। सभी आरोपी पूर्वोत्तर राज्य के रहने वाले हैं। चलालखोगिन मणिपुर पुलिस में कांस्टेबल के पद पर कार्यरत है। सीआईएसएफ के उप कमांडेंट व प्रवक्ता हेमेंद्र सिंह ने बताया कि तस्कर इंडिगो के विमान (6ई-221) से गुवाहाटी जाने वाले थे। चलालखोगिन, पत्नी चोंगबोई के साथ तड़के 4:50 बजे टर्मिनल वन-डी पर पहुंचा। एयरपोर्ट के गेट नंबर तीन से प्रवेश के दौरान ड्यूटी पर तैनात जवान ने उसके दो सूटकेस की जांच की। ड्रग किताबों के नीचे छिपाया गया था। इसके बाद जवानों ने चलालखोगिन के एक अन्य साथी सतखोलाल को भी धर दबोचा।