नई दिल्ली। बाहरी दिल्ली के अलीपुर इलाके में मंगलवार सुबह एक कार सड़क पर खड़े डंपर से जा टकराई। हादसे में कार सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरे युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के मुताबिक लामपुर के पास एक वैगन आर कार सड़क किनारे खड़े डंपर में जा घुसी, जिससे कार सवार हितेश (30), नवीन (33) और नितिन (26) घायल हो गए। हादसा इतना जबर्दस्त था कि कार के परखच्चे उड़ गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने गैस कटर से कार को काटकर तीनों को बाहर निकाला और स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने हितेश और नवीन को मृत घोषित कर दिया, जबकि नितिन का मैक्स अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने बताया कि तीनों दोस्त सोनीपत की महावीर कॉलोनी में रहते थे और ट्रांसपोर्ट का बिजनेस करते थे। हादसे के वक्त वे काम के सिलसिले में दिल्ली आ रहे थे। जांच में पता चला है कि डंपर में खराबी आने की वजह से ड्राइवर ने उसे सड़क के किनारे खड़ा किया था।