नई दिल्ली। दिल्ली सरकार महंगाई के दौर में आपको भागीदारी आटे का विटामिन जल्द ही देने जा रही है। सितंबर के पहले सप्ताह से महज 145 रुपये में दस किलो का पैकेट मिलेगा। आटे में आयरन, फॉलिक एसिड और विटामिन बी-12 जैसे पोषक तत्व मिले होंगे। अभी लोगों को बाजार से बिना अतिरिक्त पोषक तत्व वाला सामान्य आटा 190-250 रुपये में खरीदना पड़ता है। आटा आपूर्ति के लिए आधा दर्जन एजेंसियों का चयन खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने कर लिया है। आटा केंद्रीय भंडार, नेशनल कोऑपरेटिव कंज्यूमर फेडरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (एनसीसीएफ) और मोबाइल वैन पर मिलेेगा। सरकार को उम्मीद है कि चुनावी तैयारी के बीच विटामिन और आयरन युक्त आटे से न सिर्फ जनता, बल्कि सरकार की सेहत भी सुधारेगी। दिल्ली सरकार के अधिकारियों ने बताया कि विश्व स्वास्थ्य संगठन की सिफारिश है कि आटे में जरूरी पोषक तत्व दिए जाने चाहिए। दिल्ली में कई ऐसे इलाके हैं जहां लोगों को उतने पोषक तत्व नहीं मिल पाते जितने जरूरी हैं। विटामिन बी-12 और आयरन की कमी से लोग एनीमिया पीड़ित हो जाते हैं। इनमें महिलाओं की तादाद ज्यादा होती है। यही वजह है कि डब्ल्यूएचओ की सिफारिश को ध्यान में रखते हुए भागीदारी आटे में आयरन, विटामिन बी-12 और फॉलिक एसिड को शामिल किया गया है। सूत्रों का कहना है कि विभाग ने आधा दर्जन एजेंसियों का चयन करके मूल्य की स्वीकृति लेने के लिए मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के पास प्रस्ताव भेज दिया गया है। महंगाई के कारण चौतरफा घिर रही सरकार जल्द से जल्द विटामिन युक्त सस्ता आटा बेचने की शुरुआत करना चाहती है।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली सरकार ने जुलाई, 2009 में महंगाई से त्रस्त लोगों को राहत दिलाने के नाम पर सब्सिडी वाला 10 किलो भागीदारी आटा 139 रुपये में बेचना शुरू किया था। केंद्र सरकार ने सब्सिडी पर दिल्ली सरकार को गेहूं देना बंद कर दिया जिसके बाद अक्तूबर, 2011 में आटा बेचना बंद कर दिया गया। महंगाई के बीच मुख्यमंत्री ने बिना सब्सिडी के सस्ता आटा दिलाने की घोषणा की थी। उसी के तहत एजेंसियों का चयन किया गया है।
------------
सरकार भागीदारी आटा लोगों तक सस्ता पहुंचाने के लिए किसी तरह की सब्सिडी नहीं देगी, बल्कि एजेंसियां कम कीमत पर ही बाजार में आटा बेचेगी।
- धर्मपाल, सचिव, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग
---------------
विटामिन बी-12 का फायदा
विटामिन बी-12 शरीर में होमोसिस्ताइन के स्तर को सामान्य बनाए रखता है। यदि वह बढ़ जाए तो दिल की बीमारी होती है या फिर दौरा भी पड़ सकता है। शरीर को होमोसिस्ताइन की जरूरत होती है, लेकिन इसकी अति भी शरीर के लिए घातक होती है। विटामिन बी 12 ही इसे संतुलित करके नर्वस सिस्टम को अच्छे स्तर पर बनाए रखता है। लाल रक्त कणों को बनाए रखने के लिए खत्म हो रहे डीएनए के स्थान पर नए बनाने में मदद करता है। रोग प्रतिरोधक शक्ति को बढ़ाने में मददगार साबित होता है।