नई दिल्ली। जामिया मिल्लिया इस्लामिया और डीएमआरसी के बीच चल रहे जामिया मेट्रो स्टेशन का विवाद सुलझ गया है। जामिया प्रबंधन ने डीएमआरसी को चेमस्की सेंटर में स्टेशन बनाने के लिए हरी झंडी दिखा दी है। अब डीएमआरसी स्टेशन बनाने से पहले सेंटर का तकनीकी रूप से जायजा ले रही है।
जामिया और डीएमआरसी की बुधवार शाम को बैठक हुई। इसमें जामिया कैंपस में ही चेमस्की सेंटर में मेट्रो स्टेशन बनाने पर सहमति बनी। जामिया प्रबंधन के अनुसार, चेमस्की सेंटर पुरानी निर्धारित जगह से अधिक दूर नहीं है, इसलिए यहां स्टेशन बनने से उन्हें कोई परेशानी नहीं है। सेंटर की पूरी डिटेल जामिया प्रबंधन ने डीएमआरसी को सौंप दी है। सूत्रों के अनुसार बैठक में डीएमआरसी ने मेट्रो स्टेशन में सीआईएसएफ तैनात रहने की दलील भी थी, लेकिन जामिया प्रबंधन का तर्क था कि सुरक्षा स्टेशन के अंदर होती है, बाहर नहीं। इससे जामिया की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्हें दूसरी जगह का भी जायजा ले लेना चाहिए।
यहां अटकी थी बात
जामिया ने जामिया नगर मेट्रो स्टेशन बनाने पर डीएमआरसी की तय जगह पर आपत्ति जताते हुए मेट्रो प्रबंधन को पत्र लिखा था। वाइस चांसलर प्रो. नजीब जंग का कहना था कि जिस जगह डीएमआरसी मेट्रो स्टेशन बनाना चाहता है, उससे यूनिवर्सिटी व लड़कियों की सुरक्षा पर समस्या आ सकती है। सड़क के दोनों ओर कैंपस है और वहां यदि स्टेशन बनता है तो छात्राओं को परेशानी हो सकती है, क्योंकि सड़क की चौड़ाई कम होने से मेट्रो स्टेशन के रास्ते कैंपस के अंदर की ओर खुलेंगे, जिससे बाहरी लोगों का कैंपस में आना-जाना लगा रहेगा।
------------
मेट्रो स्टेशन बनाने पर आपत्ति नहीं थी। लड़कियों व यूनिवर्सिटी कैंपस की सुरक्षा के चलते ऑडिटोरियम के पास मेट्रो स्टेशन बनाने पर आपत्ति दर्ज करवाई थी, क्योंकि स्टेशन पब्लिक एरिया होता है और वहां आने-जाने वालों की यूनिवर्सिटी सिक्योरिटी जांच नहीं कर सकती थी। दूसरा जिस जगह स्टेशन के लिए पहले जगह तय की गई थी, वहां सड़क के साथ-साथ दोनों ओर जामिया के विभिन्न विभागों के कैंपस थे। अब चेमस्की सेंटर में जामिया मेट्रो स्टेशन बनाने की इजाजत प्रबंधन ने डीएमआरसी को दे दी है।
- प्रो. सिम्मी मल्होत्रा, प्रवक्ता, जामिया मिल्लिया इस्लामिया।