दिल्ली मेट्रो फेज-5 पर 12 हजार करोड़ खर्च करेगी सरकार: सूद
दिल्ली के शहरी विकास मंत्री आशीष सूद ने कहा कि मेट्रो के पांचवें चरण पर दिल्ली सरकार करीब 12 हजार करोड़ रुपये खर्च करेगी। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने हाल ही में मेट्रो फेज-5ए को मंजूरी दी है और फेज-4 का काम भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। इससे राजधानी की परिवहन व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी। जनकपुरी में आयोजित अटल सम्मान समारोह में मंत्री ने कहा कि मेट्रो का विस्तार दिल्ली के भविष्य के लिए बेहद जरूरी है। बढ़ती आबादी, ट्रैफिक जाम और प्रदूषण की चुनौती से निपटने में मेट्रो अहम भूमिका निभा रही है। आने वाले साल में मेट्रो नेटवर्क के और विस्तार से लोगों को सुरक्षित, सुलभ और समयबद्ध परिवहन सुविधा मिलेगी।
मेट्रो अटल की दूरदर्शी सोच का परिणाम
मंत्री ने कहा कि दिल्ली मेट्रो की परिकल्पना भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की दूरदर्शी सोच का परिणाम है। तत्कालीन मुख्यमंत्री मदनलाल खुराना के साथ मिलकर अटल ने मेट्रो परियोजना को आगे बढ़ाया। अगर उस समय यह फैसला नहीं लिया गया होता तो आज दिल्ली की यातायात व्यवस्था की स्थिति बेहद गंभीर होती। मंत्री ने जनकपुरी विधानसभा के सीटूए ब्लॉक में आयोजित अटल सम्मान समारोह में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में सेवा, समर्पण और उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया।
अटल आज भी प्रेरित करते हैं : सूद
मंत्री ने कहा कि अटल के लिए ईमानदारी, पारदर्शिता, समावेशी विकास और राष्ट्रहित सर्वोपरि थे। यही कारण है कि उनका जीवन और कार्य आज भी लोगों को प्रेरित करता है। समारोह में आरडब्ल्यूए के पदाधिकारी, गुरुद्वारों के प्रतिनिधि, मंदिर समितियां, छठ पूजा समितियां और शिवरात्रि कांवड़ सेवा से जुड़े लोग मौजूद रहे।