नई दिल्ली। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) ने बृहस्पतिवार को 17 शहीद जवानों की याद में नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय पुलिस स्मारक चाणक्यपुरी में श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया। कार्यक्रम में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंदी संजय कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत श्रद्धांजलि परेड से हुई, जिसके बाद एनडीआरएफ और विभिन्न स्कूलों के बैंड की तरफ से भावनात्मक प्रस्तुतियां दी गईं। एनडीआरएफ के महानिदेशक पीयूष आनंद (आईपीएस) ने शहीदों के परिजनों का स्वागत करते हुए उनके बलिदान को नमन किया। उन्होंने 2013 उत्तराखंड आपदा समेत अन्य बचाव अभियानों में वीरता से शहीद हुए जवानों के साहस को याद किया और संगठन की राष्ट्रसेवा के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई। मुख्य अतिथि संजय कुमार ने कहा कि एनडीआरएफ के जवान कठिन परिस्थितियों में भी तत्परता और साहस से कार्य करते हैं। संवाद