उत्तरी दिल्ली नगर निगम में अब स्मार्ट एप के जरिए सेल्फी के माध्यम से शिक्षकों की हाजिरी लगेगी। इसके लिए निगम ने सभी प्राधानाचार्यों व शिक्षकों के लिए आदेश जारी कर दिया है। इसका एक सप्ताह के अंदर पालन करना होगा। आदेश की अवहेलना करने पर तबादला भी किया जा सकता है। इससे पहले यह व्यवस्था दक्षिणी दिल्ली नगर निगम में लागू हो चुकी है।
निगम के आदेश के अनुसार, निगम के सभी स्कूलों में स्मार्ट एप को अनिवार्य कर दिया गया है। सभी प्राधानाचार्यों को इसके जरिए हाजिरी सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। इसके लिए शिक्षिकों का स्कूल जाना अनिवार्य होगा, जहां पहुंचने पर शिक्षक दो भागों में हाजिरी लगाएंगे।
ऐसी लगेगी हाजिरी
हाजिरी लगाने के लिए शिक्षकों को अपने मोबाइल में निगम का स्मार्ट एप इंस्टॉल करना होगा। कार्यालय पहुंचने पर एप पर लॉग इन कर हाजिरी लगाई जाएगी। इसमें एप पर विद्यालय से अपनी सेल्फी व लोकेशन के साथ अन्य जानकारी भी अपलोड करनी होगी। वहीं, स्कूल से निकलते हुए भी शिक्षकों को दोबारा यही प्रक्रिया अपनानी होगी। इससे उनके स्कूल में रहते हुए कुल कार्य अवधि का डाटा भी निगम के पास उपलब्ध होगा, ऐसे में बिना शिक्षक यदि अपने संबंधित स्कूल में मौजूद नहीं होगा तो हाजिरी मान्य नहीं होगी।
शिक्षक संघ ने जताया विरोध
नए आदेश को लेकर नगर निगम शिक्षक संघ ने एतराज जताया है। शिक्षक संघ के महासचिव रामनिवास सोलंकी ने कहा कि शिक्षकों को पहले ही कई माह का वेतन नहीं मिला है। इसके बावजूद मोबाइल एप से हाजिरी लगाने का आदेश जारी कर दिया है। उन्होंने कहा कि इससे महिलाओं की निजता का भी हनन होगा। क्योंकि, महिला शिक्षकों की लोकेशन की जानकारी भी ऑनलाइन होगी। उन्होंने कहा कि इससे शिक्षकों पर भी बोझ पड़ेगा। क्योंकि, कई ऐसे शिक्षक ऐसे हैं जिनका पास स्मार्ट फोन को लेकर समस्या हो सकती है। वहीं, इस संबंध में निगम महापौर जयप्रकाश से भी बात हुई है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि शिक्षक संघ की मदद की जाएगी।
तीन माह पहले दक्षिणी निगम में लागू हो चुका है नियम
दक्षिणी निगम में यह नियम करीब तीन माह पहले लागू हो चुका है। यहां नियम केवल शिक्षकों के लिए नहीं बल्कि सभी कर्मचारियों के लिए है। सभी कर्मचारी अब कार्यालय पहुंचकर ही हाजिरी दर्ज करा रहे हैं। यह नियम विशेषतौर पर कर्मचारियों को कार्यालय जाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से लाया गया था। वहीं, कोरोना से पूर्व बायोमेट्रिक से ही हाजिरी लगा करती थी।