पार्क में युवक की गला रेतकर हत्या
नई दिल्ली। प्रशांत विहार इलाके में स्थित एक पार्क में युवक की गला रेतकर हत्या कर दी गई। आस-पास काफी ज्यादा खून बिखरा पड़ा था। जिससे आशंका है कि युवक ने अपनी जान बचाने के लिए भागने की कोशिश की है। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर उसकी पहचान करने में जुटी है। पुलिस को शनिवार रात सेक्टर-12 स्थित डीडीए पार्क में 30 साल के युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि युवक की गला रेतकर हत्या की गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि युवक के पास से कोई कागजात नहीं मिला है। जिससे उसकी पहचान की जा सके। पुलिस को आशंका है कि युवक की आपसी रंजिश या फिर लूटपाट का विरोध करने पर हत्या की गई है। आस-पास के लोगों ने बताया कि इससे पहले इस युवक को यहां नहीं देखा गया था। पुलिस ने आस-पास के थानों में घटना की जानकारी देे दी है और सोशल मीडिया के जरिए युवक की पहचान करने में जुटी है। ब्यूरो