लखीमपुर कांड के बाद केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता अजय मिश्र बुधवार दोपहर दिल्ली स्थित गृहमंत्रालय पहुंचे। इससे पहले बुधवार की सुबह गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र टेनी से यह पूछे जाने पर कि क्या उन्हें लखीमपुर खीरी कांड के बाद पार्टी नेतृत्व ने तलब किया है तो उन्होंने कहा कि पार्टी आलाकमान ने मुझे तलब नहीं किया है। मुझे दिल्ली में निजी काम है। उन्होंने आगे कहा कि मेरा बेटा कार में नहीं था।
कार पर हमला करने के बाद, चालक घायल हो गया, कार अपना संतुलन खो बैठी और वहां मौजूद कुछ लोगों के ऊपर दौड़ गई। मैंने उन लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की है जिन्होंने अपनी जान गंवाई है। निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। केंद्रीय मंत्री ने कहा था कि किसानों और विपक्ष की उनके इस्तीफे की मांग पर उन्होंने कहा कि वे जब घटनास्थल पर थे ही नहीं तो वे इस्तीफा क्यों दें। वे इस्तीफा नहीं देंगे।
घटनास्थल पर खालिस्तानी तत्व भी मौजूद
हिंसा की जड़ माने जा रहे अपने बयान पर उन्होंने कहा, पूरा ऑडियो नहीं चलाया जा रहा है। मैंने किसानो के बारे में कभी गलत नहीं कहा है। किसानों को संबोधित करने के एक कार्यक्रम के ऑडियो का सिर्फ एक हिस्सा मीडिया में चलाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के पीछे किसानों के बीच मौजूद कुछ अराजक तत्व हैं। जिस स्थान पर घटना हुई, वहां कुछ खालिस्तानी भी मौजूद हैं। वहां भिंडरांवाले के पोस्टर भी देखे गए हैं।
कार पर हमला किया गया था, जिसमें वह अनियंत्रित हो गई
उन्होंने दोहराया कि कार में मेरा बेटा नहीं था। कार पर हमला किया गया था, जिसमें ड्राइवर घायल हो गया था। उससे गाड़ी अनियंत्रित हो गई और वहां उपस्थित लोगों पर चढ़ गई। उन्होंने घटना में मरने वालों के प्रति दुख जताया। उन्होंने आगे कहा कि घटना की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।