राजधानी में सात दिनों से संक्रमण के सक्रिय मरीज घटने लगे हैं। 19 सितंबर को इनकी संख्या 32 हजार के पार पहुंच गई थी, जो अब 31 हजार से कम रह गई है। स्वस्थ होने वाले मरीजों में बढ़ोतरी होने से इनमें कमी आई है।
दिल्ली स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, इस समय राजधानी में 30867 सक्रिय मामले हैं। 19 सितंबर को 32064 थे। लिहाजा, एक सप्ताह में 1,197 मरीज कम हुए हैं। एक माह बाद इनकी संख्या में कमी आई है। अगस्त के दूसरे सप्ताह के बाद से ही सक्रिय मामले बढ़ने लगे थे।
इस दौरान एक माह में ही 18 हजार केस बढ़ गए थे और संख्या 32 हजार के पार पहुंच गई थी। करीब सात महीने के संक्रमण काल में पहली बार यह आंकड़ा इतना बढ़ा था। इसके बाद अब सात दिनों से सक्रिय मामलों में कमी देखी जा रही है। इसका बड़ा कारण यह है कि अब रोजाना औसतन 3500 मरीज स्वस्थ हो रहे हैं। इस दौरान तीन बार संक्रमितों से ज्यादा संख्या ठीक होने वाले मरीजों की रही है।
एम्स के डॉक्टर विक्रम के मुताबिक, इस समय अधिक लोग ठीक हो रहे हैं। इसका बड़ा कारण यह है कि अधिकतर संक्रमित हल्के लक्षण वाले हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का भी मानना है कि दिल्ली में कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर का चरम बीत चुका है। ऐसे में आने वाले दिनों में दैनिक संक्रमितों में कमी आएगी। स्वस्थ होने वाले मरीज की संख्या अगर इसी प्रकार रही तो जल्द ही सक्रिय मामले और भी कम होने लगेंगे।
इस माह ऐसे कम हुए रोगी
तारीख मामले
19 32064
20 32097
21 30941
22 30623
23 30836
24 31125
25 30867
नोट : आंकड़े स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक हैं।