तलाशी लेने पर किसी स्कूल में कुछ भी नहीं मिला संदिग्ध, धमकी भेजने के लिए बीपीएन का हुआ इस्तेमालअमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने का सिलसिला थम नहीं रहा है। दिल्ली के 55 से ज्यादा स्कूलों को बुधवार को ईमेल के जरिए बम की धमकी मिली। इनमें द्वारका स्थित राहुल मॉडल स्कूल और मैक्सफोर्ट स्कूल, मालवीय नगर स्थित एसकेवी और प्रसाद नगर स्थित आंध्रा स्कूल शामिल हैं। पुलिस और अन्य आपातकालीन एजेंसियों ने तलाश अभियान शुरू कर दिया है। हालांकि किसी भी स्कूल में तलाशी लेने के बाद कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। बताया जा रहा है कि इस बार भी धमकी भेजने के लिए वीपीएन का इस्तेमाल किया गया है।
दिल्ली अग्निशमन सेवा के अनुसार दो स्कूलों मालवीय नगर स्थित एसकेवी और प्रसाद नगर स्थित आंध्रा स्कूल में बम की धमकी की सूचना क्रमश: सुबह सात बजकर 40 मिनट पर और सात बजकर 42 मिनट पर मिली थी। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस टीम, अग्निशमनकर्मी और बम निरोधक दस्ते तुरंत स्कूल पहुंचे। धमकी मिलने के तुरंत बाद ही दिल्ली पुलिस जांच में लग गई।
दो दिन पहले ही 18 अगस्त को मिली थी धमकी
दो दिन पहले 18 अगस्त को दिल्ली के 32 स्कूलों को इसी तरह की धमकी मिली थी। इससे पहले पहले दिल्ली के द्वारका के सेंट थॉमस स्कूल और दिल्ली विश्वविद्यालय के सेंट स्टीफन कॉलेज को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। पिछले साल मई में भी स्कूलों को भरे मेल मिले थे। मई 2024 में भी डीपएस द्वारका सहित कई स्कूलों को इसी तरह के धमकी भरे ईमेल मिले थे
रात से मिलना शुरू हुआ, सुबह तक पता चलता रहा
जांच में यह पता चला कि स्कूलों में मेल मंगलवार रात 9 बजे से ही आना शुरू हुआ था। जिन स्कूलों के प्रबंधक ने रात में देख लिया उन्होंने रात में ही सूचना दे दी। कुछ स्कूलों ने सुबह सुबह इसकी सूचना दी, जिससे बच्चों के पहुंचने तक स्कूलों की जांच कर ली गई। इस बार स्कूलों में छुट्टी की जानकारी कहीं से नहीं मिली है। धमकी मिलने से स्टूडेंट्स, पेरेंट्स, टीचर, स्कूल एडमिस्ट्रेशन और पुलिस प्रशासन को काफी परेशानियां होती हैं। बुधवार को ज्यादातर स्कूलों से छात्रों को घर भेज दिया गया था।