संसद मार्ग थाना क्षेत्र में एक युवक ने अपने दोस्त की मामूली बात पर बेरहमी से हत्या कर दी। हथौड़े से वार कर उसके सिर के दस से ज्यादा टुकड़े कर दिए। हत्या के बाद आरोपी ने शव को चादर से ढक दिया और संसद से कुछ दूरी पर पेड़ के पीछे जाकर छिप गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का कहना है कि सिगरेट व बीयर पीने को लेकर उसका दोस्त से झगड़ा हुआ था।
नई दिल्ली जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार संसद मार्ग थाना पुलिस को 18 जुलाई की शाम 4 बजे सूचना मिली थी कि राष्ट्रीय पुरालेख, जनपथ पर स्थित बस्ती के एक घर में युवक का शव पड़ा है। पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा कि पूरे घर में खून बिखरा है। शव को चादर और चटाई से ढका हुआ था। सिर व चेहरे के कई टुकड़े हो रखे थे।
मृतक की पहचान जस्टीन उर्फ जसवंत (44) के रूप में हुई। संसद मार्ग थानाध्यक्ष अजय करण शर्मा की देखरेख में एसआई रिछपाल सिंह, एसआई देवेन्द्र, एसआई मनीष व हवलदार मुकेश व कृष्ण की विशेष टीम ने मामले की जांच शुरू की। जांच में पता लगा कि मृतक का उसके पड़ोस में रहने वाले दोस्त गांव असोथर जिला फतेहपुर, यूपी निवासी प्रेमचंद्र से झगड़ा हुआ था।
पुलिस ने दोस्त को आरोपी मानते हुए उसकी तलाश शुरू की। प्रेमचंद्र के पास मोबाइल नहीं था। पुलिस टीम ने रात में ही टार्च और ड्रेगन लाइट आदि की मदद से आसपास के क्षेत्र में आरोपी की तलाश शुरू की। कुछ घंटों बाद आरोपी को संसद से कुछ दूरी पर राजपथ लॉन में एक पेड़ के पीछे से पकड़ लिया।
आरोपी ने बताया कि उसका पीड़ित से सिगरेट व बीयर पीने को लेकर झगड़ा हुआ था। जसवंत ने उसके सिर पर बीयर की बोतल मारी थी। इसके बाद उसने ईंट व हथौड़े से पीड़ित के सिर व चेहरे पर वार करने शुरू कर दिए। उसे पता नहीं है कि कितने वार किए। पुलिस ने मौके से खून में सना हथौड़ा व ईंट बरामद कर ली है।