राजधानी दिल्ली के हौजखास स्थित एक रेस्त्रां में मचे बवाले के कारण शनिवार रात आसपास के इलाकों में हड़कंप मच गया। बताया गया कि 31 मार्च की देर रात हौजरानी निवासी तनवीर बार-रेस्त्रां में घुसकर अपने साथियों के साथ मिलकर बदतमीजी कर रहा था।
समझाने के बावजूद वह नहीं माना तो कर्मचारियों ने उसे क्लब से बाहर कर दिया गया। इस बात से गुस्से में आकर वह धमकी देता हुआ वहां से चला गया। कुछ देर बाद करीब डेढ़ दर्जन लड़के हाथ में डंडा और रॉड लेकर दोबारा वहां पहुंच गए।
उन्होंने बार में मौजूद मैनेजर से लेकर अन्य कर्मचारियों व मेहमानों पर हमला कर दिया। आरोपियों ने बार में मौजूद लोगों को बुरी तरह से मारा और जमकर तोड़-फोड़ भी की। हमले में बार के मैनेजर को गंभीर चोटें आईं। वारदात के बाद सभी आरोपी धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। सभी घायलों को एम्स के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां सभी का उपचार चल रहा है।
मामले की सूचना के बाद सफदरजंग एन्क्लेव थाने की पुलिस ने करीब तीन दिन बाद बार के मैनेजर मेहुल सिंह राणा के बयान पर केस दर्ज करते हुए छानबीन शुरू की। फिलहाल पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी तनवीर को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।