दिल्लीवालों को मुफ्त बिजली-पानी की सुविधा देने के साथ केजरीवाल सरकार ने बजट में इंफ्रास्ट्रक्चर को सुधारने पर जोर दिया है। बजट में क्या खास है और घोषणाओं को कब तक पूरा किया जाएगा। इन विषयों को लेकर वित्त मंत्री कैलाश गहलोत के साथ अमर उजाला के वरिष्ठ संवाददाता राकेश शर्मा ने विशेष बातचीत की। पेश हैं कुछ अंश...
बजट में इस बार क्या खास हैं। किन विषय को महत्व दिया गया है।
केजरीवाल सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य को पहले दिन से महत्व दे रही है। बजट में इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में दिल्ली को साफ-स्वच्छ और आधुनिक बनाकर देश के सामने मॉडल प्रस्तुत किया जाएगा। दिल्ली में जल्द ही नए प्रोजेक्ट शुरू होंगे जो सुविधाओं को विश्व स्तर का बना देंगे।
जी 20 की बैठक को लेकर बजट में कुछ खास
दिल्ली सरकार सौंदर्यीकरण को लेकर विशेष ध्यान दे रही है। 16 सड़कों को विश्वस्तरीय बनाया गया है। इसके अलावा अन्य प्रोजेक्ट भी चल रही है। जी 20 बैठक से पहले दिल्ली में नए बस क्यू सेल्टर लगने शुरू हो जाएंगे। साथ ही, मल्टीलेवल बस टर्मिनल का निर्माण भी शुरू हो जाएगा। हमारी कोशिश है कि जी-20 की बैठक में आने वाले प्रतिनिधि दिल्ली की अच्छी छवि लेकर जाएं।
इस बजट में बाजार के विकास को लेकर चर्चा नहीं है, जो रोजगार देते हैं।
बाजारों को विकसित करने का मामला निगम से जुड़ा हुआ है। अब निगम में भी आप की सरकार है। हम निगम के साथ मिलकर दिल्ली के बाजारों के विकास के लिए योजना बनाएंगे। साथ ही, फूड ट्रेक, शॉपिंग फेस्टिवल की दिशा में तेजी से काम करेंगे। आप सरकार निगम के विकास के लिए 2015 से ही सबसे ज्यादा बजट देते आ रही है, लेकिन भाजपा के शासन में कुछ नहीं हुआ।
बजट में दिल्ली देहात को लेकर क्या खास है
केजरीवाल सरकार ने दिल्ली देहात का हमेशा से ख्याल रखा है। बजट में कई ऐसी योजनाएं हैं जो ग्रामीण क्षेत्रों का विकास करेंगी। जल्द मोहल्ला बस सेवा शुरू होगी जिसमें महिलाओं को मुफ्त सफर का मौका मिलेगा। ग्रामीण क्षेत्रों में बस टर्मिनल बनाए जा रहे हैं। कई अस्पताल व अन्य प्रोजेक्ट भी ग्रामीण क्षेत्र को ध्यान में रखकर चल रहे हैं।
दिल्ली की बसों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। पुरानी बसें सुरक्षित नहीं हैं।
मौजूदा समय में सबसे ज्यादा बसें हैं। साल के अंत तक काफी संख्या में ई-बसें बेडे़ में शामिल होंगी। साल 2025 तक एक भी पुरानी बसें नहीं रहेगी। दिल्ली सरकार महिलाओं को मुफ्त बस की सुविधा दे रही है, जो आगे भी जारी रहेगी। विपक्ष घाटे का मुद्दा उठा रहा है, लेकिन हमारा मानना है कि लोगों को सुविधा देना सरकार का पहला काम है।
कॉमन मोबिलिटी कार्ड को लेकर क्या तैयारी है।
दिल्ली सरकार जल्द ही कॉमन मोबिलिटी कार्ड की सुविधा शुरू कर देगी। इसकी प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके अलावा एप आधारित प्रीमियम बस, बाइक टैक्सी सेवा व अन्य को लेकर भी काम किया जा रहा है। जल्द ही आधुनिक सेवाएं मिलने लगेंगी।