फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Delhi Metro : द्वारका सेक्टर-21 से आईआईसीसी तक मेट्रो जल्द पकड़ेगी रफ्तार, एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन का हो रहा है विस्तार

Fri, 20 May 2022 04:23 AM IST
दुष्यंत शर्मा सर्वेश कुमार, नई दिल्ली

सार

देश विदेश के यात्रियों के लिए द्वारका सेक्टर-25 स्थित सेंटर तक पहुंचना होगा आसान। 1.7 किलोमीटर के कॉरिडोर पर एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन का विस्तार। 
विज्ञापन
दिल्ली मेट्रो - फोटो : twitter @OfficialDMRC
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दिल्ली मेट्रो की एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन जल्द ही द्वारका के इंडिया इंटरनेशनल कन्वेशन एंड एक्जीबिशन सेंटर (आईआईसीसी) तक जाएगी। करीब 1.7 किलोमीटर के इस कॉरिडोर पर मेट्रो विस्तार का कार्य अंतिम चरण में हैं। खास बात यह है कि इस लाइन पर चलने वाली मेट्रो के अंदर सुविधाएं भी सामान्य मेट्रो से अलग होने के साथ-साथ रफ्तार भी तेज है। आईआईसीसी परिसर के अंदर मेट्रो स्टेशन का निर्माण अंतिम चरण में हैं। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) की इस पहल से देश विदेश के यात्रियों को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से आईआईसीसी तक आधुनिक और त्वरित परिवहन सेवा का विकल्प मिलेगा। जुलाई तक एयरपोर्ट लाइन के विस्तारित कॉरिडोर पर मेट्रो परिचालन शुरू होने की उम्मीद है। 

विज्ञापन


फिलहाल नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से द्वारका सेक्टर-21 तक एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन जाती है। नई दिल्ली, शिवाजी स्टेडियम, धौला कुआं, एयरोसिटी, आईजीआई एयरपोर्ट स्टेशन से होती हुई सेक्टर-21 पहुंचती है। नए स्टेशन के तैयार होने से यात्रियों को द्वारका सेक्टर-25 तक पहुंचना आसान हो जाएगा। इससे आसपास के सेक्टरों में रहने वालों को भी मेट्रो की सुविधा उपलब्ध होगी। एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन की मेट्रो कोच के अंदर की सुविधाएं भी दूसरी लाइन की मेट्रो से अलग हैं। इसकी रफ्तार भी दूसरी लाइनों से अधिक है, इसलिए यात्रियों को नई दिल्ली से आईआईसीसी तक पहुंचने में कम वक्त लगेगा।  देश के सबसे बड़े एक्जीबिशन सेंटर से मेट्रो का जुड़ाव होने से देश विदेश से खरीदारी या दूसरी व्यावसायिक गतिविधियों के लिए पहुंचने वाले कॉरपोरेट्स को भी मेट्रो की सुविधा मिल सकेगी।  

काम लगभग पूरा हो चुका
भूमिगत कॉरिडोर पर मेट्रो स्टेशन का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। ट्रैक बिछाने के साथ-साथ स्टेशन की सीलिंग सहित सभी जरूरी सुविधाएं तैयार की जा रही हैं। पहले मार्च, 2021 तक इस कॉरिडोर का निर्माण पूरा किया जाना था, लेकिन कोविड-19 महामारी के कारण इसमें देरी हुई। डीएमआरसी के मुताबिक द्वारका सेक्टर-21 से आईआईसीसी कॉरिडोर का निर्माण तकरीबन पूरा हो चुका है।  सिविल कार्य पूरा होने के बाद अंतिम चरण का काम चल रहा है। उम्मीद की जा रही है कि जुलाई के अंत तक इस कॉरिडोर पर मेट्रो का परिचालन शुरू कर दिया जाएगा। 
विज्ञापन


इंटरचेंज की भी सुविधा होगी
ब्लू लाइन से द्वारका सेक्टर-21 पहुंचने वाले यात्रियों के लिए इस स्टेशन में इंटरचेंज की सुविधा भी होगी। इससे मेट्रो यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी के साथ-साथ द्वारका के अंदरूनी हिस्से तक मेट्रो की पहुंच हो जाएगी। गुरुग्राम से मेट्रो लाइन जुड़ने से दिल्ली-गुरुग्राम के बीच रोजाना सफर करने वालों के लिए भी नई दिल्ली तक पहुंचना आसान हो जाएगा। 

आईआईसीसी में होंगी सुविधाएं
देश विदेश की अग्रणी संस्थाओं और कॉरपोरेट्स के लिए कन्वेंशन, एक्जीबिशन सहित व्यावसायिक गतिविधियों के लिए रेस्तरां, होटल सहित जरूरी सेवाएं उपलब्ध होंगी। प्रगति मैदान और इंडिया हैबिटेट सेंटर की तर्ज पर अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त इस सेंटर में मेट्रो के पहुंचने से दिल्ली के विकास को भी नई रफ्तार मिलेगी। 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें