मुंडका इलाके की घटना, आरोपी मैकेनिक से मांग रहा था पैसे, मना करने पर किया हमला
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। मुंडका इलाके में मानसिक रूप से बीमार युवक ने पैसे नहीं देने पर मोबाइल मैकेनिक पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसे घायल कर दिया। घायल की पहचान अजय के रूप में हुई है।
घटना को अंजाम देने के दौरान ही आसपास के लोगों ने आरोपी युवक को पकड़ लिया और पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में आरोपी के मानसिक बीमार होने का खुलासा हुआ है। जानकारी के मुताबिक, अजय परिवार के साथ नेताजी नगर, लाइनपार बहादुरगढ़, हरियाणा में रहता है। वह मुंडका इलाके में स्कूल के सामने मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान चलाता है। अजय के भाई अंकित ने बताया कि 15 नवंबर की रात उसका भाई अजय दुकान पर मौजूद था जबकि वह किसी काम से गया हुआ था। शाम करीब 7.30 बजे पड़ोस के दुकानदार ने फोन कर बताया कि एक युवक ने अजय पर चाकू से ताबड़तोेड़ हमला कर दिया है। घायल भाई को पड़ोसी दुकानदार की मदद से बहादुरगढ़ स्थित अस्पताल में भर्ती कराया। आरोपी की पहचान मुंडका निवासी राजू के रूप में हुई है। पूछताछ में घायल अजय ने बताया कि आरोपी युवक उसकी दुकान में आया और उससे दो हजार रुपये मांग रहा था। बाहरी जिला पुलिस उपायुक्त सचिन शर्मा ने घटना की पुष्टि की है और आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच करने की बात कही है।